Tuesday, March 3, 2026

सितारों के कर्ज और दिवालियापन के किस्से

     फिल्मी दुनिया परदे पर जितनी चमकदार दिखती है, भीतर उतनी ही जोखिमों और उतार-चढ़ाव से भरी होती है। यहां स्टारडम रातों-रात आसमान छूता है, तो कभी एक फ्लॉप फिल्म या गलत निवेश कलाकारों को आर्थिक संकट में धकेलने से भी नहीं चूकता। कई नामी सितारे ऐसे रहे, जिन्होंने अपने करियर के चरम पर कर्ज, नुकसान और यहां तक कि दिवालियेपन की स्थिति देखी है। लेकिन, इन संघर्षों की खास बात यह है कि ज्यादातर कलाकारों ने हार नहीं मानी और मेहनत से वापसी कर अपनी पहचान फिर मजबूत की। पुराने दौर से लगाकर राजपाल यादव तक का उदाहरण सितारों के संघर्ष का असली चेहरा है। इस प्रसंग ने एक बार फिर यह सवाल उठाया कि आर्थिक संकट और फिल्म इंडस्ट्री का रिश्ता कितना पुराना है। फिल्म इतिहास के पन्नों पर उन सितारों की कहानियां दर्ज हैं, जिन्होंने गिरकर भी खुद को संभाला है।
000 

  ●  हेमंत पाल

      राजपाल यादव अपनी नैसर्गिक कॉमेडी के लिए पहचाने जाते हैं। ऐसी कई फ़िल्में याद की जा सकती है, जिसमें इस अभिनेता ने कालजयी किरदार किए। लेकिन, फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए उन्होंने करीब 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था। फिल्म 2012 में रिलीज हुई, पर बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही। इसके बाद उनपर आर्थिक दबाव बढ़ता गया और कर्ज बढ़कर लगभग 9 करोड़ रुपए तक पहुंच गया। लंबे समय तक कानूनी विवाद चलता रहा और अंततः उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा। यह घटना दिखाती है, कि फिल्म निर्माण का जोखिम कितना बड़ा हो सकता है। एक गलत प्रोजेक्ट सालों की मेहनत और कमाई पर भारी पड़ सकता है। यह पहली घटना नहीं है, जब कोई फिल्म अभिनेता ऐसी मुसीबत में फंसा हो। 

   आर्थिक संकट में फंसने और उबरने की सबसे चर्चित कहानी अमिताभ बच्चन की है। 90 के दशक में उनकी कंपनी 'अमिताभ बच्चन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एबीसीएल) भारी घाटे में चली गई। उन पर करीब 90 करोड़ का कर्ज और दर्जनों कानूनी केस थे। उस दौर में उनकी फिल्में भी लगातार फ्लॉप हुई। ऐसे समय में यश चोपड़ा ने उन्हें फिल्म 'मोहब्बतें' में मौका दिया, जिसने उनकी दूसरी पारी की शुरुआत की। इसके बाद टीवी शो और नई फिल्मों ने उन्हें फिर सुपरस्टार बना दिया। धीरे-धीरे उनकी फ़िल्में हिट हुई और फिर 'कौन बनेगा करोड़पति' जैसे टीवी शो ने उन्हें सारे संकटों से उबार दिया। आज उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत मानी जाती है और यह उदाहरण बताता है कि सही मौके और मेहनत से संकट से निकला जा सकता है। हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े शोमैन कहे जाने वाले राज कपूर को भी अपने दौर में भारी नुकसान झेलना पड़ा। उनकी महत्वाकांक्षी फिल्म 'मेरा नाम जोकर' बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई और वे लगभग दिवालियेपन की कगार पर पहुंच गए। कहा तो यहां तक जाता है कि उनका बंगला तक गिरवी था। लेकिन, उन्होंने हार नहीं मानी धीरे-धीरे संभले। लेकिन, इस संकट से उन्हें बाहर निकाला बाद में बनाई एक फिल्म ने। कुछ साल बाद राज कपूर ने अपने बेटे ऋषि कपूर और डिंपल कापड़िया को लेकर प्रेम कहानी 'बॉबी' बनाई, जिसने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कमाई की और उनके करियर को नई जिंदगी दी। यह कहानी एक फ़िल्मकार का जुझारूपन बताती है कि एक असफलता पूरी पहचान खत्म नहीं करती। कोशिश की जाए, असफलता को सफलता में बदला जा सकता है। 
    इसी तरह प्रतिभाशाली फिल्मकार गुरु दत्त ने भी कई महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स में भारी निवेश किया था। उनकी फिल्मों को बाद में क्लासिक माना गया, लेकिन रिलीज के समय अपेक्षित कमाई न होने से आर्थिक दबाव बना रहा।  50-60 के दशक के लोकप्रिय अभिनेता भारत भूषण भी आर्थिक संकट का शिकार हुए। शुरुआती सफलता के बाद उनकी फिल्में नहीं चलीं और गलत निवेश के कारण उन्हें अपना घर तक बेचना पड़ा। जीवन के अंतिम वर्षों में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जो बताता है कि फिल्मों में स्टारडम कभी स्थायी नहीं होता। फिल्म इंडस्ट्री में राजेश खन्ना से बड़ा कोई सितारा नहीं रहा। लगातार 16 हिट फ़िल्में देने वाले इस कलाकार के कुछ गलत फैसलों ने उन्हें असफलता की तरफ धकेल दिया। इसके बाद वे कभी उबर नहीं पाए। पुराने दौर की त्रासदियों में मीना कुमारी का नाम भी लिया जाता है। बेहतरीन अभिनय के बावजूद निजी जिंदगी की समस्याओं और गलत आर्थिक फैसलों ने उन्हें कर्ज में डुबो दिया। उनके आखिरी वर्षों में आर्थिक स्थिति काफी कमजोर रही। उनकी कहानी फिल्मी दुनिया की भावनात्मक और आर्थिक असुरक्षा दोनों को उजागर करती है।
    फिल्म कलाकारों की नई पीढ़ी में भी आर्थिक जोखिम के उदाहरण मिलते हैं। सुपरस्टार शाहरुख खान ने 'रा-वन' जैसी हाई-बजट फिल्म में भारी निवेश किया था। फिल्म ने औसत प्रदर्शन किया और शुरुआती दौर में आर्थिक दबाव बढ़ा, लेकिन बाद की फिल्मों और प्रोडक्शन हाउस की सफलता से उन्होंने स्थिति संभाल ली। उनकी 'पठान' और 'जवान' ने उन्हें फिर रेस में ला दिया। यह उदाहरण दिखाता है कि बड़े सितारे भी जोखिम लेते हैं और कभी-कभी नुकसान उठाते हैं। कभी स्टार रहे जैकी श्रॉफ ने भी लंबा आर्थिक संकट देखा। उन्होंने फिल्म 'बूम' में निवेश किया, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह असफल रही। नुकसान इतना बड़ा था कि उन्हें अपना घर तक बेचना पड़ा। लेकिन उन्होंने काम जारी रखा, नए रोल स्वीकार किए और धीरे-धीरे अपनी स्थिति संभाली। आज वे फिल्म और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय हैं। लंबे समय तक कॉमेडी के बादशाह रहे गोविंदा का करियर भी एक दौर में ठहर गया। कम और गलत फिल्में मिलने के बाद खराब आर्थिक फैसलों के कारण उन्हें परेशानी में डाल दिया। ऐसे में सलमान खान के साथ उनकी फिल्म 'पार्टनर' ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल की और गोविंदा को फिर से लोकप्रिय बना दिया। यह उदाहरण इंडस्ट्री में रिश्तों और सहयोग की अहमियत भी दिखाता है।
    दक्षिण भारतीय सुपरस्टार कमल हासन ने अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म 'विश्वरूपम' के लिए निजी संपत्ति तक गिरवी रख दी थी। फिल्म रिलीज से पहले विवादों और बैन के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। बाद में फिल्म रिलीज हुई और धीरे-धीरे स्थिति सुधरी। 2022 में 'विक्रम' की सफलता के बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा कि अब वे अपने कर्ज से पूरी तरह उबर सकते हैं। डिस्को डांसर के नाम से मशहूर मिथुन चक्रवर्ती को भी आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उन्हें होटल व्यवसाय में नुकसान हुआ और फिल्मी करियर भी धीमा पड़ गया था। फिर, टीवी शो, रियलिटी कार्यक्रमों और नई फिल्मों के जरिए उन्होंने नए सिरे से लोकप्रियता हासिल की और आर्थिक स्थिति मजबूत की। कलाकारों और फिल्मकारों की इन कहानियों से एक बात साफ होती है कि फिल्म इंडस्ट्री में आर्थिक जोखिम हमेशा मौजूद रहता है। कई कलाकार अपने सपनों के प्रोजेक्ट में खुद निवेश करते हैं, जिससे नुकसान की संभावना भी बढ़ जाती है। 
     इसके अलावा, गलत मैनेजमेंट, खराब सलाह, टैक्स समस्याएं और बदलते ट्रेंड भी आर्थिक संकट की वजह बनते हैं। पुराने दौर में कलाकारों के पास फाइनेंशियल प्लानिंग की जानकारी कम होती थी। जबकि, आज कई सितारे प्रोफेशनल टीम की मदद लेते हैं। हालांकि, इन संघर्षों की सबसे प्रेरक बात उनकी वापसी है। अमिताभ बच्चन से लेकर कमल हासन तक, कई कलाकारों ने दिखाया कि गिरावट अंत नहीं होती। मेहनत, नए अवसर और दर्शकों का समर्थन कलाकारों को फिर खड़ा कर सकता है। साथ ही यह कहानियां नए कलाकारों के लिए सीख भी हैं, सिर्फ सफलता नहीं, बल्कि वित्तीय समझ और सही फैसले भी जरूरी हैं। फिल्मी सितारों की ये कहानियां याद दिलाती हैं कि ग्लैमर के पीछे संघर्ष और जोखिम कम नहीं होते। राजपाल यादव का मामला हो या पुराने दौर के सितारों की त्रासदी, हर कहानी में एक सबक है कि असफलता जीवन का हिस्सा है, लेकिन हिम्मत और मेहनत से वापसी हमेशा संभव है। यही वजह है कि ये सितारे सिर्फ अपनी फिल्मों के लिए नहीं, बल्कि अपने संघर्ष और पुनरुत्थान के लिए भी याद किए जाते हैं।
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

प्यार के इजहार का सबसे रंगीन बहाना

    रंगों का त्योहार और भारतीय सिनेमा का रिश्ता वैसा ही है, जैसे किसी कोरे कागज़ पर रंग बिखेर देना। हिंदी फिल्मों में होली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भावनाओं के उफान, दबे हुए जज़्बात और सबसे बढ़कर 'इज़हार-ए-मोहब्बत' की स्वीकार्यता है। यह वह दिन है, जब समाज की बंदिशें रंगों की फुहार में बह जाती हैं। ऐसे में होली की आड़ में नायक-नायिका अपने दिल की बात कह देते हैं। परदे पर होली हमेशा से प्रेम के व्याकरण को समझाने वाला एक मधुर प्रसंग रही है, जहां गुलाल का एक टीका किसी प्रेम पत्र से भी ज्यादा असरदार साबित होता है।
000 

 हेमंत पाल

     म भारतीयों के लिए रंगों का त्योहार होली सिर्फ रंग उड़ाने तक सीमित नहीं है। यह वह सामाजिक अवसर है, जहां मर्यादाओं की कठोर लकीरें थोड़ी धुंधली हो जाती हैं और भावनाओं को अभिव्यक्ति के लिए खुला आकाश मिलता है। हिंदी सिनेमा ने इस सांस्कृतिक तत्व को बखूबी समझा और परदे पर इसे 'मोहब्बत की शुरुआत' के प्रसंग के रूप में स्थापित किया। अगर फिल्म इतिहास के पन्नों को पलटा जाए, तो पाएंगे कि जो बातें बंद कमरों या संकोची मुलाकातों में नहीं हो सकीं, उन्हें फागुन की मस्ती और अबीर की परतों ने मुमकिन कर दिया। यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक गहरा मनोवैज्ञानिक विश्लेषण है कि कैसे समाज का यह स्वीकार्य 'हुड़दंग' नायक और नायिका के बीच की झिझक को खत्म करने का जरिया बनता है। फिल्मों में ब्लैक एंड व्हाइट दौर से ही होली को एक ऐसे 'मूड' की तरह इस्तेमाल किया गया, जहां नायक अपनी नायिका के प्रति अनुराग व्यक्त करने के लिए रंगों की आड़ लेता है। ऐसा कई फिल्मों में हुआ है। सिनेमा के शुरुआती काल में होली का चित्रण आज के मुकाबले काफी शालीन और अर्थपूर्ण था। 1957 की क्लासिक फिल्म 'मदर इंडिया' का गाना 'होली आई रे कन्हाई' याद कीजिए। यहां होली केवल उत्सव नहीं, बल्कि एक जीवन में खुशियों के चंद लम्हों का प्रतीक थी। उस दौर में रोमांस सीधे न होकर प्रतीकों में होता था। 
     नायक का नायिका को सिर्फ दूर से रंग फेंकना या उसके पल्लू पर गुलाल के हाथ लगा देना भी गहरे प्यार का संकेत माना जाता था। वह ऐसा दौर था, जहां रंग मर्यादाओं की सीमा में रहकर भी भावनाओं को व्यक्त करते थे। इसका प्रसंग फिल्म 'कटी पतंग' में दिखाई देता है। इस होली दृश्य को हिंदी फिल्मों के सबसे भावनात्मक और अर्थपूर्ण दृश्यों में गिना जाता है। इस सीन में गीत 'आज न छोड़ेंगे बस हमजोली' के जरिए रंगों की आड़ में दबी भावनाएं सतह पर आ जाती हैं। नायक राजेश खन्ना और नायिका आशा पारेख के बीच लगाव उभरकर सामने आता है। लेकिन, नायिका अपने अतीत और झूठी पहचान के बोझ तले दबी है। होली का उल्लासपूर्ण वातावरण रंग, नृत्य और सामूहिक उत्सव नायिका के भीतर के द्वंद्व के विपरीत दिखता है। कैमरा क्लोज़-अप के जरिए उसके चेहरे की झिझक और असहजता को उभारता है, जिससे दर्शक उसके आंतरिक संघर्ष को महसूस कर पाते हैं। क्योंकि, यह दृश्य केवल रोमांस नहीं, बल्कि कथानक का मोड़ भी है। रंग यहां प्रेम के साथ-साथ सच के उजागर होने की आशंका का प्रतीक बनता है। इसलिए यह होली दृश्य मनोरंजन के साथ गहरी संवेदना भी रचता है। इसी तरह 'नदिया के पार' की होली बेहद सादगी भरी है। जबकि 'डर' में राहुल का जुनून रंग लगाने में दिखाई देता है। जिसमें उसकी सनक और प्यार दोनों उजागर होते हैं। होली ने हर बार कहानी को एक नया मोड़ दिया। जैसे-जैसे सिनेमा ने रंगों की दुनिया में कदम रखा, होली का रूप 'बोल्ड' और 'ब्यूटीफुल' होता चला गया। 70 और 80 का दशक वह मोड़ था, जहां होली 'इज़हार-ए-मोहब्बत' का सबसे बड़ा मंच बनी।
     राज कपूर की फिल्मों में तो होली का एक अलग ही दर्शन था। 'मदर इंडिया' और 'कोहिनूर' जैसी क्लासिक फिल्मों में होली के गीतों के माध्यम से प्रेम और सामाजिक सद्भाव का ताना-बाना बुना गया। उस दौर में जब प्रेम की अभिव्यक्ति बेहद निजी और संयमित होती थी, तब होली के बहाने नायक का नायिका को रंग लगाना साहस भरी और प्रेममयी घटना मानी जाती थी। यह वो समय था, जब स्पर्श की भाषा को रंगों के जरिए पवित्रता के साथ परदे पर उतारा गया। दिलीप कुमार और मीना कुमारी के किरदारों के बीच की वह तड़प होली के गीतों में अक्सर एक उल्लासपूर्ण स्वीकार्यता में बदल जाती थी। वक़्त के साथ जैसे-जैसे सिनेमा का परदा रंगीन हुआ, उसके साथ ही होली के रंगों के जरिए प्रेम की अभिव्यक्ति और भी मुखर होती गई। 70 और 80 के दशक तक आते फिल्मों में होली का त्योहार एक 'प्लाट डिवाइस' बन गई। फिल्म 'शोले' में होली का दृश्य केवल एक उत्सव नहीं था, बल्कि वह नायक और नायिका के बीच बढ़ते आकर्षण और साथ ही फिल्म के खलनायक खास अंदाज का भी संकेत था। 'होली के दिन दिल खिल जाते हैं' गीत केवल नाच-गाना नहीं था, बल्कि वह बसंती और वीरू के बीच के उस अनकहे रिश्ते पर मोहर लगाने वाला क्षण था। यहां होली को एक सामाजिक स्वीकृति की तरह देखा गया, वहां गांव की पंचायत और परिवार के बीच भी प्रेम को एक अलग अंदाज़ में स्वीकार कर लिया जाता है।
     फिल्मों में जब प्रेमी जोड़े के बीच संकोच की बर्फ पिघलानी होती है, कथानक में होली दृश्य रच दिया जाता है। फिर इसमें भांग का सेवन इस पूरे प्रसंग को एक 'कॉमिक रिलीफ' और 'ईमानदारी' का पुट देता है। भांग का नशा चढ़ते ही नायक का डर गायब हो जाता है और वह अपने दिल के राज खोल देता है। यह फिल्मों का वह पुराना और सफल फार्मूला है, जो आज भी प्रासंगिक है। चाहे वो 'बागबान' की मैच्योर होली हो या 'टू स्टेट्स' का मॉडर्न सेलिब्रेशन, रंगों की फुहार ने हमेशा प्रेम की नई इबारत लिखी है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों में होली का इस्तेमाल अक्सर नायक द्वारा नायिका के करीब जाने के लिए एक 'सेफ पैसेज' के रूप में किया जाता है। 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' में बद्री का वैदेही के पीछे रंग लेकर भागना या 'गोलियों की रासलीला राम-लीला' में रंगों के बीच वह पहला स्पर्श, यह सब होली के उस 'लाइसेंस' का हिस्सा है, जहां छूना अभद्रता नहीं, बल्कि उत्सव का हिस्सा माना जाता है। संजय लीला भंसाली की फिल्मों में तो होली एक दृश्य कविता की तरह दिखाई देती है, वहां लाल रंग और गुलाल प्रेम की तीव्रता को दर्शाते हैं।
    हिंदी सिनेमा में होली और प्रेम के विश्लेषण में फिल्म 'सिलसिला' का जिक्र होना जरुरी है। यश चोपड़ा ने इस त्योहार को जिस गरिमा के साथ प्रेम की उलझनों से जोड़ा, वह अद्वितीय था। 'रंग बरसे भीगे' सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि वह उन दबे जज्बातों का सैलाब है, जो समाज के बंधनों को तोड़कर बाहर आने के लिए छटपटा रहे थे। इस फिल्म में होली फ्लर्ट करने की सामाजिक अनुमति के विचार को चरितार्थ करती है। भांग का नशा और रंगों की धुंधली दुनिया नायक को वह साहस देती है, कि वह दुनिया के सामने अपनी प्रेमिका के प्रति अपने झुकाव को व्यक्त कर सके। यहां होली केवल मिलन का त्योहार नहीं, बल्कि सत्य की स्वीकारोक्ति का मंच बन जाती है। 90 के दशक और उसके बाद के दौर में होली का स्वरूप और भी चंचल और आधुनिक हो गया। 'डर' जैसी फिल्मों में होली को एकतरफा जुनून और प्रेम के खतरे को दिखाने के लिए इस्तेमाल किया गया, जहां 'तू है मेरी किरण' का उद्घोष रंगों के पीछे छुपकर किया जाता है। वहीं, 'मोहब्बतें' में होली को परंपराओं की बेड़ियां तोड़ने के प्रतीक के रूप में पेश किया गया। शाहरुख खान का चरित्र जब गुरुकुल की कठोरता के खिलाफ जाकर रंगों का आह्वान करता है, तो वह युवाओं को अपने प्रेम को बिना किसी डर के स्वीकार करने का निमंत्रण देता है। ऐसे में यहां होली विद्रोह और अनुराग का अद्भुत संगम बन जाती है।
     आज के समकालीन सिनेमा में जैसे 'ये जवानी है दीवानी' या 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' के होली दृश्य नायक और नायिका की केमिस्ट्री को एक नया आयाम देते हैं। 'बलम पिचकारी' जैसे गीतों में नायिका के संकोच को पूरी तरह ख़त्म होते दिखाया गया, जहां वे आधुनिक परिवेश में अपने साथी के साथ बराबरी से मस्ती और प्रेम में सराबोर होती है। इन फिल्मों में होली वह केंद्र बिंदु है, जहां नायक और नायिका अपनी मर्यादा को छोड़कर एक-दूसरे के करीब आते हैं। यह प्रसंग दर्शकों को यह समझाता है कि प्रेम में डूबने के लिए किसी विशेष मुहूर्त की नहीं, बल्कि रंगों जैसे उल्लास की जरूरत होती है। होली का यह 'कैमरा एंगल' वास्तव में मानवीय मनोविज्ञान की उस परत को छूता है, जहां व्यक्ति रंग लग जाने के बाद अपनी पहचान और अपने अहंकार को भूलकर केवल एक प्रेमी रह जाता है।
    फिल्मों में होली का प्रसंग केवल दृश्य को सुंदर और रंगीला बनाने के लिए नहीं किया जाता, बल्कि यह भारतीय समाज की उस मानसिकता का प्रतिबिंब है, जहां त्योहारों के बहाने मर्यादा की सीमा को थोड़ा लचीला कर दिया जाता है। नायक और नायिका के लिए होली वह ढाल है, जिसके पीछे छुपकर वे अपने दिल की बात कह जाते हैं और दुनिया इसे बुरा भी नहीं मानती। ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों की सादगी से लेकर आज के दौर की चकाचौंध तक, होली हमेशा से फ़िल्मी मोहब्बत का सबसे विश्वसनीय और रंगीन गवाह रही है। भारतीय सिनेमा में होली महज एक कैलेंडर की तारीख नहीं, बल्कि यह वह रंगमंच है जहां नायक अपनी नायिका को अपनी दुनिया में शामिल करने का न्योता देता है। यह प्यार का वह मौसम है, जो नफरत की धूल झाड़ देता है और रंजिशों को गुलाल से ढंक देता है। ब्लैक एंड व्हाइट दौर की वह शर्मीली होली अब आज के दौर की बिंदास और बेबाक होली में बदल चुकी है, लेकिन इसका मूल तत्व आज भी वही है अपने पसंदीदा इंसान के गालों पर रंग मलकर चुपके से कह देना 'तुम मेरे हो या मेरी हो।'
-----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

रंग, राग और परदे की मस्तीभरी होली

     भारतीय संस्कृति में होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि रिश्तों, राग और रस का पर्व भी है। यही कारण है कि हिंदी सिनेमा ने भी इस पर्व को केवल एक दृश्य उत्सव की तरह नहीं, बल्कि भावनाओं के स्वरूप में प्रस्तुत किया। ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों के दौर में भी होली गीतों ने परदे पर रंगों का ऐसा भ्रम रचा था कि दर्शक सिनेमा हॉल में बैठे-बैठे भी अपने आपको रंगों में सराबोर महसूस करते थे। समय के साथ तकनीक बदली, रंगीन फिल्में आईं, संगीत की शैली बदली, लेकिन होली गीतों की मस्ती, छेड़छाड़, प्रेम और सामाजिक संकेतों की परंपरा कायम रही। 
000 

● हेमंत पाल

     हिंदी फिल्मों में होली गीत केवल उत्सव का दृश्य नहीं होते। वे अक्सर कहानी के महत्वपूर्ण मोड़ का संकेत देते हैं। कई बार नायक-नायिका का प्रेम होली के बहाने खुलकर सामने आता है, तो कभी दुश्मनी या षड्यंत्र की भूमिका तैयार होती है। होली का रंग सामाजिक बंधनों को तोड़ने का प्रतीक है, इसलिए फिल्मों में यह पर्व फिल्म के किरदारों को खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अवसर देता है। 'बुरा न मानो होली है' की आड़ में छुपे संवाद और इशारे कहानी को आगे बढ़ाते हैं और कई बार कहानी में नया मोड़ भी देते हैं। ब्लैक एंड व्हाइट से लेकर डिजिटल सिनेमा तक की यात्रा में तकनीक ने होली गीतों को ज्यादा भव्य बना दिया। स्लो मोशन शॉट्स, एरियल कैमरा, रंगों की डिजिटल प्रस्तुति और बड़े सेट्स ने इन्हें दृश्यात्मक रूप से आकर्षक बनाया है। 
    संगीत की दृष्टि से भी परिवर्तन आया। जहां पहले शास्त्रीय और लोकधुन प्रधान गीत थे, वहीं आज फ्यूजन और इलेक्ट्रॉनिक संगीत का बोलबाला है। फिर भी ढोल की थाप और लोक लय की ऊर्जा आज भी इन गीतों की आत्मा बनी हुई है। हिंदी फिल्मों में होली गीतों की यात्रा भारतीय समाज की बदलती संवेदनाओं का दर्पण है। 1950 के ग्रामीण और पारंपरिक उत्सव से लेकर आज के ग्लैमरस और वैश्विक मंच तक, होली गीतों ने हर दौर में खुद को ढाला है। वे केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि प्रेम, विद्रोह, सामाजिक संवाद और उत्सव की सामूहिक चेतना का माध्यम रहे हैं। यही कारण है कि हर पीढ़ी के पास अपना एक पसंदीदा होली गीत है। चाहे वह रंग बरसे हो, बलम पिचकारी हो या फिर 'अंग से अंग लगाना' जैसा रोमांटिक गीत हो। 1950 और 60 के दशक में जब फिल्में ब्लैक एंड व्हाइट थीं, तब भी होली गीतों का विशेष स्थान था। उस समय होली के गीत लोकधुनों और शास्त्रीय संगीत पर आधारित होते थे। 'मदर इंडिया' का गीत 'होली आई रे कन्हाई' होली के पारंपरिक उत्सव और ग्रामीण भारत की झलक प्रस्तुत करता है। इसी तरह 'कोहिनूर' का लोकप्रिय गीत 'तन रंग लो जी आज मन रंग लो' शास्त्रीयता और उत्सवधर्मिता का सुंदर संगम था। इन गीतों में ढोलक, मंजीरा, हारमोनियम जैसे वाद्य प्रमुख रहते थे। कैमरा तकनीक सीमित थी, लेकिन समूह नृत्य, लोक वेशभूषा और भावनात्मक अभिनय से होली का माहौल सजीव कर दिया जाता था।
     जब सिनेमा रंगीन हुआ तो होली गीतों ने सचमुच रंगों की बौछार कर दी। 1975 में आई 'शोले' का गीत 'होली के दिन दिल खिल जाते हैं' आज भी होली का पर्याय माना जाता है। यह गीत केवल उत्सव नहीं, बल्कि कहानी के भीतर रिश्तों की गर्माहट और आगामी संघर्ष की भूमिका भी तैयार करता है। इसी तरह 'अमिताभ बच्चन यादगार फिल्म 'सिलसिला' का अमर गीत 'रंग बरसे भीगे चुनर वाली' जिसे अमिताभ ने खुद अपनी आवाज दी, प्रेम, छेड़छाड़ और सामाजिक बंधनों के बीच पनपती भावनाओं को दर्शाता है। यह गीत आज भी हर होली पार्टियों के मस्त माहौल की जान माना जाता है। इस दौर में होली गीत कहानी के निर्णायक मोड़ पर रखे जाते थे, जहां छिपे प्रेम का इजहार होता था या सामाजिक टकराव का संकेत मिलता था। इसी तरह कटी पतंग का 'आज न छोड़ेंगे बस हमजोली' प्रेम और चुलबुलेपन का प्रतीक बन गया। इस दौर के गीतों में रंगों के बहाने नायक-नायिका के बीच छेड़छाड़ और रोमांस को खुलकर दिखाया गया। संगीत में भी ऑर्केस्ट्रा और लोकधुनों का मिश्रण देखने को मिला।
    1990 के बाद हिंदी सिनेमा में व्यावसायिकता और भव्यता बढ़ी। होली गीत अधिक चटकीले, नृत्यप्रधान और बड़े सेट्स पर फिल्माए जाने लगे। शाहरुख़ खान की फिल्म 'डर' का गीत 'अंग से अंग लगाना' रोमांस और जुनून का मिश्रण था। वहीं 'बागबान' में 'होली खेले रघुवीरा' के जरिए पारिवारिक और पारंपरिक होली की झलक दिखाई दी थी। इस दौर में संगीत में सिंथेसाइज़र और आधुनिक वाद्यों का प्रयोग बढ़ा, लेकिन लोकधुन की छाप बनी रही। लेकिन, 2000 के बाद होली गीतों ने एक नया रूप लिया। इस दौर में पारंपरिकता के साथ पॉप और रॉक का मिश्रण दिखा। इस दौर के होली गीतों में डीजे मिक्स, रैप और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स का प्रभाव है। सोशल मीडिया और रील्स के कारण ये गीत तेजी से लोकप्रिय होते हैं और त्योहार की पहचान बन जाते हैं। 2019 में आई 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' का टाइटल ट्रैक और होली आधारित धुन 'कुर्ती पे तेरी मलूं गुलाल' ने यह दिखाया कि अब होली गीत सिर्फ ग्रामीण या पारंपरिक नहीं, बल्कि शहरी और ग्लैमरस रूप में भी प्रस्तुत किए जा रहे हैं। हाल के वर्षों में 'गो पागल' (फिल्म जॉली एलएलबी 2) जैसे गीतों ने पार्टी कल्चर और होली के मेल को दर्शाया। यहां रंगों से ज्यादा बीट्स और डांस स्टेप्स पर ध्यान दिया गया।
    इसी तरह 'राम लीला' का गीत 'लहू मुंह लग गया' होली के रंगों को प्रेम और नाटकीयता के साथ प्रस्तुत करता है। जबकि, 'बलम पिचकारी जो तूने मुझे मारी' भी युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ। यह गीत दोस्ती, प्रेम और मस्ती का प्रतीक बन गया। फ़िल्मी होली में रंग बदलते रहे, तकनीक बदलती रही, लेकिन सिनेमा के होली गीतों की मस्ती और जीवंतता आज भी उतनी ही ताजा है, जितनी कभी ब्लैक एंड व्हाइट परदे पर थी। यही इन गीतों की सबसे बड़ी सफलता है। वे समय के साथ रंग बदलते हैं, पर अपनी आत्मा को सहेजे रखते हैं। आज भी जब होली आती है, तो सिनेमाई गीतों की धुनों के बिना रंग अधूरे लगते हैं। यही हिंदी सिनेमा के होली गीतों की सबसे बड़ी सफलता है, वे पर्दे से निकलकर लोगों की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं।
----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

फिर लौट आया सिनेमा का स्वर्णिम युग!

    भारतीय सिनेमा उद्योग लंबे उतार-चढ़ाव और तकनीकी बदलावों के दौर से गुजरते हुए आज एक ऐसे मुकाम पर खड़ा दिखाई देता है, जहां उसे फिर से 'स्वर्ण युग' जैसे विशेषणों से नवाजा जा रहा है। वर्ष 2025 के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि महामारी के बाद जो आशंकाएं व्यक्त की जा रही थी कि क्या दर्शक सिनेमाघरों में लौटेंगे, क्या ओटीटी प्लेटफॉर्म थिएटरों को पीछे छोड़ देंगे, यह बात काफी हद तक गलत साबित हुई। दर्शकों की मजबूत वापसी, बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड कमाई और मल्टीप्लेक्स कंपनियों के मुनाफे में तेज उछाल यह संकेत देते हैं कि सिनेमा का सामूहिक अनुभव आज भी भारतीय दर्शकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कुल मिलाकर 2025 में बॉक्स ऑफिस वृद्धि के पीछे तीन प्रमुख कारण रहे मजबूत फ्रेंचाइजी, बड़े सितारों की पैन-इंडिया अपील और बेहतर सिनेमा अनुभव। दर्शकों की थिएटर वापसी और सकारात्मक वर्ड-ऑफ-माउथ ने कमाई को नई रफ्तार दी।
000 

- हेमंत पाल

    बीते साल यानी 2025 में भारतीय फिल्मों का कुल ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 13,395 करोड़ रुपए तक पहुंचना अपने आप में ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह आंकड़ा महामारी से पहले के तीन वर्षों के औसत से 32% अधिक है, जो दर्शकों के व्यवहार में एक निर्णायक बदलाव को दर्शाता है। लंबे समय तक घरों में बंद रहने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंटेंट देखने के बाद जब दर्शकों को फिर से सिनेमाघरों में लौटने का अवसर मिला, तो उन्होंने इसे बड़े उत्साह के साथ अपनाया। तीसरी तिमाही में 4.05 करोड़ दर्शकों का सिनेमाघरों में पहुंचना और पिछले वर्ष की समान अवधि से 8.6% की वृद्धि यह स्पष्ट करती है कि थिएटर अब केवल मनोरंजन का विकल्प नहीं बल्कि सामाजिक अनुभव का केंद्र बन चुके हैं। इस सफलता के पीछे कई कारक काम कर रहे हैं। सबसे प्रमुख कारण मजबूत कंटेंट पाइपलाइन है। वर्ष 2025 में 100 करोड़ रुपए से अधिक कमाने वाली 37 फिल्मों का रिकॉर्ड बनना यह दर्शाता है कि निर्माताओं ने दर्शकों की पसंद को समझते हुए विविध विषयों पर फिल्में बनाई हैं। बड़े बजट की व्यावसायिक फिल्मों से लेकर छोटे बजट की कंटेंट-आधारित फिल्मों तक, दर्शकों को हर शैली और भाषा में विकल्प मिले। इससे सिनेमाघरों में लगातार भीड़ बनी रही और उद्योग को स्थिरता मिली।
     मल्टीप्लेक्स उद्योग, विशेषकर पीवीआर आइनॉक्स जैसी कंपनियों ने इस उछाल का भरपूर लाभ उठाया है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा 166.5% बढ़कर 95.7 करोड़ रुपए तक पहुंचना केवल वित्तीय सफलता नहीं बल्कि पूरे प्रदर्शन तंत्र की मजबूती का संकेत है। कंपनी की कुल आय में 9% की वृद्धि और 1,919.6 करोड़ रुपए का आंकड़ा बताता है कि सिनेमाघर केवल टिकट बिक्री पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि फूड एंड बेवरेज, प्रीमियम अनुभव और ब्रांड साझेदारियों के जरिए भी राजस्व बढ़ा रहे हैं। औसत टिकट की कीमत का 293 रुपए तक पहुंचना और प्रति व्यक्ति खान-पान खर्च का 146 रुपए तक बढ़ना दर्शकों की खर्च करने की क्षमता और उनकी प्राथमिकताओं को दर्शाता है। आज का दर्शक केवल फिल्म देखने नहीं, बल्कि एक पूरे अनुभव के लिए सिनेमाघर जाता है। बेहतर स्क्रीन, उन्नत ध्वनि तकनीक, आरामदायक सीटें और विविध खान-पान विकल्प उसके लिए महत्वपूर्ण हो गए। यही कारण है कि टिकट की कीमत में वृद्धि के बावजूद दर्शकों की संख्या में गिरावट नहीं आई, बल्कि वृद्धि दर्ज की गई है।
    पीवीआर आईनॉक्स की रणनीति में छोटे शहरों और नए क्षेत्रों में विस्तार विशेष रूप से उल्लेखनीय है। 112 शहरों में 1,791 स्क्रीन का नेटवर्क यह दिखाता है कि सिनेमाघर अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहे। टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्क्रीन जोड़ने से नए दर्शक वर्ग तक पहुंच संभव हुई है। लेह और गंगटोक जैसे क्षेत्रों में विस्तार इस बात का संकेत है कि सिनेमा अब देश के हर कोने तक पहुंचने की क्षमता रखता है। दक्षिण भारत में 33% स्क्रीन का होना और उत्तर भारत में 27% स्क्रीन का वितरण क्षेत्रीय संतुलन को दर्शाता है। इस विस्तार का आर्थिक प्रभाव भी स्पष्ट है। मूवी एग्जीबिशन सेगमेंट से कमाई का चार गुना बढ़कर 159.3 करोड़ रुपए तक पहुंचना बताता है कि स्क्रीन बढ़ाने की रणनीति सफल रही है। साथ ही, वित्त लागत में 22.2 करोड़ रुपए की कमी और 27.1 करोड़ रुपए के टैक्स क्रेडिट ने कंपनी की लाभप्रदता को मजबूत किया है। यह संकेत देता है कि मल्टीप्लेक्स उद्योग अब केवल विस्तार नहीं बल्कि वित्तीय अनुशासन और दीर्घकालिक स्थिरता पर भी ध्यान दे रहा है। क्षेत्रीय सिनेमा की भूमिका इस स्वर्णिम दौर में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। वर्ष 2025 में क्षेत्रीय फिल्मों का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 6,488 करोड़ रुपए तक पहुंचना बताता है कि भारतीय दर्शक अब केवल हिंदी फिल्मों तक सीमित नहीं हैं। मलयालम फिल्मों का लगातार दूसरे वर्ष 1,000 करोड़ रुपए से अधिक कमाई करना यह दिखाता है कि क्षेत्रीय उद्योग गुणवत्ता और कहानी कहने के स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कन्नड़ सिनेमा की 74% और गुजराती सिनेमा की 188% वृद्धि यह साबित करती है कि स्थानीय कहानियां और सांस्कृतिक जुड़ाव दर्शकों को आकर्षित करने में अत्यंत प्रभावी हैं।
      भारतीय सिनेमा के लिए साल 2025 सही मायनों में यादगार रहा। इस साल महामारी के बाद गुम हुई सिनेमा संस्कृति पूरी तरह लौट आई और बड़े बजट, दमदार कंटेंट व पैन-इंडिया अपील ने बॉक्स ऑफिस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। साल के शुरू में 'छावा' ने दर्शकों को आकर्षित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, तो साल के अंत में 'धुरंधर' की धमक ने दर्शकों को चमत्कृत कर दिया। इन एक्शन वाली फिल्मों से लगा कि दर्शक को ऐसी फ़िल्में ज्यादा पसंद आ रही है, तो यह भ्रम 'सैयारा' ने तोड़ दिया। इस प्रेम कहानी ने दर्शकों को मोहब्बत से सराबोर किया और आंखे भी गीली की। इस साल 'स्त्री-2' ऐसी फिल्म रही, जिसने कंटेंट की ताकत साबित की। हॉरर-कॉमेडी के सफल फॉर्मूले, मजबूत स्क्रिप्ट और राजकुमार राव-श्रद्धा कपूर की जोड़ी ने दर्शकों को आकर्षित किया। छोटे बजट में बड़े मुनाफे ने इसे ट्रेड की पसंदीदा फिल्म बनाया। 'पुष्पा-2' ने भी कमाई का सिलसिला जारी रखा। अल्लू अर्जुन के स्टारडम, सशक्त एक्शन और बड़े पैमाने पर रिलीज रणनीति ने इसे सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल किया। एंटरटेनमेंट और यादगार डायलॉग इसकी ताकत बने। विजुअल ग्रैंड्योर और पौराणिक-साइंस फिक्शन मिश्रण से दर्शकों को 'कल्कि 2898 एड़ी' ने सिनेमाघरों तक खींचा। प्रभास, दीपिका पादुकोण और अमिताभ बच्चन की मौजूदगी तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक इसकी सफलता का आधार रही। इसके अलावा 'भूल भुलैया-3' जैसी कुछ मध्यम बजट की सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। क्योंकि, दर्शक अब कंटेंट-ड्रिवन सिनेमा को प्राथमिकता दे रहे हैं।
     डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बावजूद सिनेमाघरों की लोकप्रियता का कारण यह भी है कि बड़े पर्दे का अनुभव अब भी अद्वितीय है। बड़े बजट की फिल्मों के दृश्य प्रभाव, ध्वनि और सामूहिक दर्शक प्रतिक्रिया को घर पर दोहराना कठिन है। इसके अलावा, मल्टीप्लेक्स कंपनियों ने प्रीमियम फॉर्मेट्स, विशेष स्क्रीनिंग और तकनीकी नवाचारों के जरिए सिनेमाघरों को आधुनिक बना दिया है। इससे युवा दर्शकों को आकर्षित करने में मदद मिली है। हालांकि, इस चमकदार तस्वीर के बीच कुछ चुनौतियां भी मौजूद हैं। टिकट कीमतों में लगातार वृद्धि भविष्य में मध्यम वर्ग और छोटे शहरों के दर्शकों पर प्रभाव डाल सकती है। यदि कीमत बहुत अधिक बढ़ती हैं तो दर्शक फिर से डिजिटल विकल्पों की ओर झुक सकते हैं। इसके अलावा, कंटेंट की गुणवत्ता बनाए रखना भी उद्योग के लिए बड़ी चुनौती है, क्योंकि दर्शक अब पहले से अधिक जागरूक और चयनात्मक हो चुके हैं। फिर भी, वर्तमान आंकड़े यह दर्शाते हैं कि भारतीय सिनेमा उद्योग ने महामारी के बाद न केवल खुद को पुनर्जीवित किया है बल्कि नए विकास मॉडल भी विकसित किए हैं। क्षेत्रीय भाषाओं का उदय, मल्टीप्लेक्स का विस्तार, प्रीमियम अनुभवों की मांग और विविध कंटेंट की उपलब्धता मिलकर एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बना रहे हैं। निर्माता, वितरक और प्रदर्शक सभी अब डेटा-आधारित निर्णयों और दर्शक-केंद्रित रणनीतियों पर ध्यान दे रहे हैं।
     भविष्य की दृष्टि से देखें तो उद्योग के सामने अपार संभावनाएं हैं। भारत की युवा आबादी, बढ़ती आय और शहरीकरण की प्रक्रिया सिनेमा के लिए दीर्घकालिक बाजार तैयार कर रही है। यदि कंपनियां छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में किफायती और सुलभ सिनेमाघर मॉडल विकसित करती हैं, तो दर्शकों का आधार और भी व्यापक हो सकता है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय फिल्मों की बढ़ती लोकप्रियता विदेशी राजस्व के नए अवसर खोल रही है। अंततः, वर्ष 2025 भारतीय सिनेमा के लिए केवल आर्थिक सफलता का वर्ष नहीं बल्कि आत्मविश्वास की वापसी का प्रतीक है। दर्शकों ने यह साबित कर दिया है कि सिनेमा उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। मजबूत कंटेंट, तकनीकी नवाचार और व्यापक विस्तार की रणनीतियों ने उद्योग को एक नए युग में प्रवेश कराया है। यदि यह गति बरकरार रहती है और गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित किया जाता है, तो आने वाले वर्षों में भारतीय सिनेमा न केवल घरेलू बाजार में बल्कि वैश्विक मंच पर भी और अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा सकता है। यही कारण है कि वर्तमान दौर को सिनेमा का स्वर्ण युग कहा जा रहा है, एक ऐसा समय जब परंपरा और आधुनिकता मिलकर मनोरंजन की दुनिया को नई दिशा दे रहे हैं।
-----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

युद्ध फिल्मों की सीमा रेखा तोड़ती 'बॉर्डर'

     'बॉर्डर' सीरीज की दो फिल्मों ने युद्ध कथानक वाली फिल्मों को लेकर दर्शकों का सोच बदल दिया। पहली फिल्म जहां अपने समय की अनुभव पूर्ण और मानवीय गहराई के लिए जानी जाती है, वहीं 'बॉर्डर-2' नए कलाकारों की ऊर्जा, आधुनिक निर्देशन और विस्तृत कथानक के कारण इसे नई पीढ़ी के दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव दर्शाती है। यह फिल्म अन्य युद्ध-कथानक वाली फिल्मों से अलग और बेहतर है। क्योंकि, यह युद्ध को एक विशाल मानवीय कैनवास पर उतारती है, जहां हर किरदार का दिल धड़कता है, हर आंख में सपना है और हर कदम देशभक्ति की बुलंदी तक जाता है। सीरीज की दोनों की फिल्मों में युद्ध सिर्फ गोलियों और टैंकों की लड़ाई तक सीमित नहीं था, बल्कि हर सैनिक के भीतर चल रही भावनात्मक लड़ाई भी कथानक का ही हिस्सा थी। वास्तव में बॉर्डर-सीरीज़ की असली ताकत भी यही है।
000 

- हेमंत पाल

    ‘बॉर्डर’ फिल्म हिंदी की उन युद्ध कथानक वाली फिल्मों में है, जिसने सिर्फ सीमा पर एक युद्ध ही नहीं दिखाया, बल्कि सैनिकों के दिल की भावनाएं, उनका डर, उनकी उम्मीदें और उनके परिवारों के दर्द को भी बड़े पर्दे पर उतार दिया। 1997 में आई जेपी दत्ता की फिल्म 'बॉर्डर' ने देशभक्ति की भावनाओं को जिस सादगी और गहराई के साथ प्रस्तुत किया, वह आज भी दर्शकों के दिल में बसी है। वहीं 2026 में आई ‘बॉर्डर-2’ उसी विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश करती है। लेकिन, नए दौर की तकनीक, नए कलाकारों की ऊर्जा और एक बड़े युद्ध-कैनवास के साथ। जब दोनों फिल्मों के कथानक, कलाकारों के अभिनय और निर्देशन को तुलनात्मक रूप से देखा जाए, तो स्पष्ट होता है, कि भारतीय सिनेमा ने युद्ध की कहानियों को कैसे समय के साथ बदला और दर्शकों की अपेक्षाओं भी किस तरह विकसित हुई। पहली फिल्म ‘बॉर्डर’ की ताकत उसकी सादगी और मानवीय दृष्टिकोण में थी। फिल्म में युद्ध सिर्फ गोलियों और टैंकों की लड़ाई नहीं था, बल्कि हर सैनिक के भीतर चल रही भावनात्मक लड़ाई भी थी। हर किरदार की अपनी कहानी थी। किसी की प्रेम कहानी, किसी की पारिवारिक जिम्मेदारी, किसी का व्यक्तिगत डर और इन सबके बीच देश के लिए खड़े होने का जुनून। यही वजह थी कि दर्शक हर किरदार से भावनात्मक रूप से जुड़ गए थे। तकनीकी सीमाओं के बावजूद फिल्म के युद्ध दृश्य इतने प्रभावी थे, कि वे वास्तविकता का अनुभव का अहसास कराते थे। उस दौर की अभिनय शैली में जो सच्चाई और गंभीरता थी, उसने फिल्म को एक क्लासिक बना दिया।
      इसी सीरीज की नई फिल्म ‘बॉर्डर-2’ की बात करें, तो यह एक अलग समय काल की फिल्म है। इतने लंबे अंतराल में दर्शकों के सोच और उनकी पसंद में काफी अंतर आया। आज के दर्शक बड़ा कैनवास, तेज गति और भव्य दृश्यों की अपेक्षा करते हैं। यही वजह है कि फिल्म उसी तरह से दिशा में आगे बढ़ती है। कथानक को सिर्फ एक मोर्चे तक सीमित रखने के बजाय इसे तीन अलग-अलग सैन्य क्षेत्रों थल सेना, नेवी और वायु सेना तक बढ़ाया गया है। इससे युद्ध का दायरा व्यापक और अधिक प्रभावशाली महसूस होता है। फिल्म कई किरदारों के दृष्टिकोण से आगे बढ़ती है, जो दर्शकों को युद्ध की बहुआयामी तस्वीर दिखाती है। फिल्म का यह विस्तार उसे आधुनिक युद्ध-फिल्मों की श्रेणी में लाता है, लेकिन साथ ही कहानी को भारी और लंबा भी बनाता है। दोनों फिल्मों को निर्देशन के नजरिए से देखें, तो पहली वाली ‘बॉर्डर’ में भावनाओं का संतुलन सबसे बड़ी ताकत था। निर्देशक ने युद्ध के दृश्यों को भी मानवीय संवेदनाओं से जोड़कर पेश किया था। वहीं ‘बॉर्डर-2’ का निर्देशन अधिक दृश्यात्मक और बड़े पैमाने पर केंद्रित है। फिल्म धीरे-धीरे किरदारों की पृष्ठभूमि बनाती है और फिर युद्ध की ओर बढ़ती है, जिससे दर्शकों को किरदारों के साथ ज्यादा वक़्त बिताने का मौका मिलता है। हालांकि, कुछ जगहों पर यह धीमापन दर्शकों को लंबा भी लगता है। खासकर तब जब वे तेज रफ्तार वाले एक्शन की उम्मीद लेकर आए हों। तकनीकी रूप से फिल्म आधुनिक है, लेकिन कुछ आलोचनाएं भी सामने आईं कि सभी विजुअल इफेक्ट्स उतने प्रभावशाली नहीं लगे जितनी की उम्मीद की गई थी।
      90 के दशक में जब भारतीय सिनेमा में युद्ध-शैली की फिल्मों की संख्या सीमित थी, तब जेपी दत्ता की 'बॉर्डर' ने युद्ध दृश्यों से कहीं आगे जाकर सैनिकों के मानवीय संघर्ष, दोस्ती, साहस और परिवार के दर्द को बड़े कैनवास पर उतारा। फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध के लोंगेवाला युद्ध और उससे जुड़ी घटनाओं पर केंद्रित थी। असली लोकेशनों, वास्तविक हथियारों और सेना के सहयोग से फिल्म को हर फ्रेम में यथार्थवादी बनाकर पेश किया था। उस समय सीमित तकनीक के बावजूद 'बॉर्डर' के युद्ध दृश्य आज भी उतने ही प्रभावशाली लगते हैं। 'संदेसे आते हैं' जैसे गीत और वीर-देश भक्ति के भाव ने दर्शकों के दिल में इसे अनमोल स्थान दिया। फिल्म ने युद्ध को केवल गोली-बारूद की लड़ाई नहीं माना, बल्कि भावनात्मक संघर्ष का चित्रण किया, जो इसे सिनेमा में विशिष्ट बनाता है। 1997 की 'बॉर्डर' ने भारतीय सिनेमा में यह स्थापित किया कि युद्ध फिल्म केवल युद्ध नहीं होती, यह भावनाओं का युद्ध भी है। इसने सैनिकों की पृष्ठभूमि, उनके पारिवारिक संबंध और भाईचारा को सामने लाया। प्रत्येक किरदार की व्यक्तिगत चुनौतियां और उनके मन की लड़ाइयां भी उतनी ही महत्वपूर्ण दिखी जितनी युद्धभूमि की लड़ाइयां।
      युद्ध कथानक वाली ज्यादातर फिल्में सिर्फ एक्शन और दृश्य प्रभावों पर ज़ोर देती हैं। 'बॉर्डर-2' में युद्ध के बीच व्यक्तिगत रिश्तों, आंतरिक संघर्षों और मानवीय पहलुओं को गहराई से दिखाया गया, जो इसे साधारण युद्ध दृश्यों से ऊपर उठाता है। यह फिल्म जमीन, हवा और समुद्र तीनों मोर्चों पर संघर्ष दिखाकर युद्ध को एक बड़ी तस्वीर में बदल देती है। यह अलग और व्यापक दृष्टिकोण देती है, जो साधारण दो-पक्षीय संघर्ष से कहीं आगे है। ‘बॉर्डर-2’ सिर्फ सैनिकों की वीरता को दिखाने तक सीमित नहीं है; बल्कि उनके परिवारों, सपनों और आशाओं को भी सामने रखता है। इससे दर्शक न केवल एक्शन बल्कि इंसानी रिश्तों को भी महसूस करते हैं। यह फिल्म सिर्फ पुराने सितारों पर निर्भर नहीं है। वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी जैसे नई पीढ़ी के कलाकारों ने अपने किरदारों में आध्यात्मिक और भावनात्मक गहराई लाकर फिल्म को संतुलित किया है। 'बॉर्डर-2' अपनी विरासत को सम्मान देते हुए भारतीय युद्ध-सिनेमा की एक नई दास्तान पेश करती है। यह फिल्म दर्शकों को सिर्फ युद्ध की कहानी नहीं सुनाती, बल्कि पृथ्वी के तीनों आयामों पर देशभक्ति, भाईचारे, आत्म-बलिदान और व्यक्तिगत मानवीय भावनाओं का मिश्रण प्रस्तुत करती है।
     अभिनय की बात करें तो ‘बॉर्डर-2’ की सबसे बड़ी खासियत अनुभवी और नए कलाकारों का मिश्रण है। सनी देओल की उपस्थिति फिल्म में भावनात्मक मजबूती और एक परिचित वीरता का एहसास देती है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस आज भी दर्शकों को वही पुरानी ऊर्जा महसूस कराती है, जो उन्होंने पहले भाग में दिखाई थी। नई पीढ़ी के कलाकारों में वरुण धवन का प्रदर्शन काफी परिपक्व और संतुलित माना गया। उन्होंने अपने किरदार में एक सैनिक की जिम्मेदारी और एक इंसान की संवेदनाओं दोनों को अच्छी तरह निभाया है। दिलजीत दोसांझ ने अपने किरदार में आत्मविश्वास और भावनात्मक गहराई का अनूठा मिश्रण दिया, जिससे उनके दृश्य यादगार बनते हैं। अहान शेट्टी जैसे युवा कलाकारों ने भी अपने अभिनय से यह दिखाने की कोशिश की, कि नई पीढ़ी युद्ध-फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना सकती है, हालांकि कुछ दर्शकों को उनके एक्शन दृश्यों में थोड़ी कमी महसूस हुई। जहां तक दर्शकों की प्रतिक्रिया की बात है तो यह मिश्रित लेकिन समीक्षात्मक रही। एक तरफ फिल्म की भव्यता, देशभक्ति का भाव और बड़े स्तर का प्रस्तुतीकरण लोगों को आकर्षित करता है, वहीं कुछ पुराने दर्शकों को लगता है कि मूल ‘बॉर्डर’ की भावनात्मक सादगी और गहराई को पूरी तरह दोहराना आसान नहीं था। यही किसी भी क्लासिक फिल्म के सीक्वल की सबसे बड़ी चुनौती होती है। यानी विरासत को संभालते हुए नई पीढ़ी के लिए कुछ नया पेश करना। ‘बॉर्डर-2’ इस संतुलन को बनाने की कोशिश करती है और कई जगह सफल भी रही। खासकर तब जब फिल्म व्यक्तिगत कहानियों और सैनिकों के मानवीय पक्ष पर ध्यान देती है।
    अगर इसे अन्य युद्ध फिल्मों से अलग देखने की कोशिश करें तो ‘बॉर्डर-सीरीज़’ की खासियत यही है, कि यह युद्ध को सिर्फ एक्शन या राष्ट्रवादी भाषणों तक सीमित नहीं करती। यहां सैनिकों के परिवार, उनकी यादें, उनके सपने और उनके डर भी कहानी का हिस्सा बनते हैं। ‘बॉर्डर-2’ इस परंपरा को बनाए रखने की कोशिश करती है, भले ही उसका पैमाना ज्यादा बड़ा और शैली ज्यादा आधुनिक हो गई। तीन अलग-अलग सैन्य क्षेत्रों को दिखाने से युद्ध की व्यापकता पूरी भव्यता से सामने आती है और दर्शकों को यह एहसास होता है कि युद्ध सिर्फ सीमाओं पर नहीं, बल्कि हर दिशा में चलने वाला एक समग्र संघर्ष होता है। 
      दोनों फ़िल्में देखने वाले दर्शकों को हिंदी युद्ध-सिनेमा का विकास दिखाई देता है। पहली फिल्म भावनात्मक गहराई और यथार्थवादी अभिनय की वजह से अमर बन गई, जबकि दूसरी फिल्म आधुनिक तकनीक, नए कलाकारों और बड़े कैनवास के जरिए उसी विरासत को नए समय में जीवित रखने की कोशिश करती है। हो सकता है कि हर दर्शक को दोनों फिल्मों में समान भावनात्मक जुड़ाव महसूस न हो, लेकिन यह भी सच है कि ‘बॉर्डर-2’ ने नई पीढ़ी के दर्शकों को युद्ध-कथाओं से जोड़ने का एक नया रास्ता खोला है। यह फिल्म उन लोगों के लिए एक भव्य अनुभव है, जो बड़े पैमाने की युद्ध कहानियाँ पसंद करते हैं। उन लोगों के लिए भी एक दिलचस्प तुलना का अवसर है, जो मूल ‘बॉर्डर’ की सादगी और भावनात्मक गहराई को याद करते हैं। दोनों फ़िल्में मिलकर साबित करती हैं कि जब युद्ध की कहानियों में इंसानी दिल की धड़कन शामिल होती है, तभी वे लंबे समय तक दर्शकों के मन में ज्यादा समय तक जीवित भी रहती हैं।
---------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------