Monday, July 13, 2026

सतलुज : वैचारिक आजादी और सिनेमा पर लटकी तलवार

     दशकों से देखा जा रहा है कि कला और समाज का संबंध हमेशा पूरक और द्वंद्वात्मक रहा। भारतीय सिनेमा ने अपनी स्थापना से ही समाज की धड़कनों को परदे पर उतारने का प्रयास किया, लेकिन जब भी इस माध्यम ने व्यवस्था, सत्ता या स्थापित सामाजिक विमर्शों के कड़वे सच को उजागर करने की हिम्मत दिखाई, तब-तब उसे राज्य और रूढ़िवादी ताकतों के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। हाल ही में अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' को लेकर उपजा विवाद इसी वैचारिक टकराव की एक नई और चिंताजनक कड़ी है। सिनेमाघरों में प्रतिबंधित होने के बाद जब इस फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जगह मिली, तो वहां भी सरकारी हस्तक्षेप के कारण इसे हटा दिया गया। यह घटना स्पष्ट करती है, कि तकनीकी प्रगति और डिजिटल युग के दावों के बावजूद कलात्मक अभिव्यक्ति के दायरे निरंतर संकुचित हो रहे हैं। यह कोई अकेला मामला नहीं, बल्कि सिनेमा के इतिहास के उस लंबे सिलसिले का हिस्सा है, जहां राज्य की संप्रभुता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के बीच की रेखाएं धुंधली होती दिखती हैं।
000

● हेमंत पाल

    फिल्म 'सतलुज' का विवाद डिजिटल स्वतंत्रता के भ्रम पर उंगली उठा रहा है। मूल रूप से 'पंजाब '95' नाम से निर्मित और हनी त्रेहान द्वारा निर्देशित यह फिल्म मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और पंजाब के एक बेहद संवेदनशील दौर पर आधारित है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड यानी सेंसर ने इस फिल्म को लेकर कड़ा रुख अपनाया और निर्माताओं को लगभग 127 कट लगाने का निर्देश दिया। लंबे कानूनी और प्रशासनिक संघर्ष के बाद, फिल्म को 'सतलुज' नाम से एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज तो किया गया, लेकिन सुरक्षा कारणों और राष्ट्रीय संप्रभुता का हवाला देकर इसे डिजिटल स्पेस से भी हटा दिया गया। यह घटनाक्रम इस धारणा को खंडित करता है, कि ओटीटी प्लेटफॉर्म गंभीर और यथार्थवादी सिनेमा के लिए एक स्वतंत्र खिड़की साबित होंगे। अब तक डिजिटल माध्यमों को सिनेमाघरों की तुलना में अधिक उदार और सेंसरशिप से मुक्त माना जाता था, लेकिन सूचना प्रौद्योगिकी नियमों में हाल के संशोधनों ने सरकार को यह असीमित शक्ति दे दी है कि वह 'सार्वजनिक व्यवस्था' या 'शांति भंग' की आशंका के आधार पर किसी भी डिजिटल सामग्री को प्रतिबंधित कर सके। यह स्थिति कला के क्षेत्र में एक प्रकार का 'चिलिंग इफेक्ट' पैदा करती है, जहां फिल्म निर्माता वित्तीय और कानूनी जोखिमों से बचने के लिए स्वयं ही अपनी रचनात्मकता को सीमित करने लगते हैं।
    भारतीय सिनेमा के इतिहास के पन्ने पलटने पर ऐसे कई प्रसंग मिलते हैं, जहां सेंसर बोर्ड से 'हरी झंडी' मिलने के बावजूद फिल्मों को थियेटर तक पहुंचने से रोका गया। यह प्रवृत्ति दर्शाती है कि सेंसरशिप केवल एक संस्थागत प्रक्रिया नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक दबावों से संचालित होती है। वर्ष 1993 के मुंबई बम धमाकों पर आधारित अनुराग कश्यप की फिल्म 'ब्लैक फ्राइडे' को सेंसर बोर्ड ने अनुमति दे दी थी, परंतु एक याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने इसके प्रदर्शन पर तब तक के लिए रोक लगा दी, जब तक कि अदालती कार्यवाही पूरी नहीं हो गई। तर्क था कि फिल्म वास्तविक गवाहों और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है। इसी प्रकार, दीपा मेहता की फिल्म 'वाटर' जो वाराणसी की विधवाओं की दयनीय स्थिति का कथानक था, उसे देश में शूट नहीं करने दिया गया। भारी विरोध प्रदर्शनों, सेटों की तोड़फोड़ और संस्कृति विरोधी होने के आरोपों के कारण उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की दुहाई देकर इसकी शूटिंग रोक दी। इस वजह से फिल्म को श्रीलंका में फिल्माया गया। आनंद पटवर्धन की डॉक्यूमेंट्री फिल्मों, विशेषकर 'राम के नाम' और 'फादर, सन एंड होली वॉर' के साथ तो यह संघर्ष दशकों लंबा चला। सेंसर बोर्ड की बाधाओं को पार करने के बाद भी दूरदर्शन जैसे सार्वजनिक प्रसारकों पर इनके प्रदर्शन को रोकने की हर संभव कोशिश की गई। हालांकि, इन मामलों में न्यायपालिका ने हमेशा अभिव्यक्ति की आजादी के पक्ष में निर्णय देकर कला का मार्ग प्रशस्त किया।
     राजनीतिक नफा-नुकसान के लिए फिल्मों को बलि का बकरा बनाने के प्रसंगों में प्रकाश झा की 'आरक्षण' और मधुर भंडारकर की 'इंदु सरकार' भी शामिल है। 'आरक्षण' को जातिगत तनाव की आशंका के चलते कुछ राज्यों में प्रतिबंधित किया गया, जबकि 'इंदु सरकार' को 1975 के आपातकाल की पृष्ठभूमि के कारण भारी राजनीतिक विरोध और प्रदर्शनों का सामना करना पड़ा। संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' का विवाद राज्य सरकारों की लाचारी या राजनीतिक अवसरवादिता का सबसे उग्र उदाहरण रहा है। सेंसर बोर्ड के कहने पर फिल्म का नाम बदलने और कई संशोधनों के बाद 'यू/ए' सर्टिफिकेट दिया, इसके बावजूद, कुछ संगठनों के हिंसक विरोध के आगे झुकते हुए राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों ने इस पर प्रतिबंध लगा दिया था। अंततः सर्वोच्च न्यायालय को हस्तक्षेप करते हुए यह स्पष्ट करना पड़ा कि एक बार जब वैधानिक संस्था फिल्म को पास कर देती है, तो कानून-व्यवस्था बनाए रखना राज्य की प्राथमिक जिम्मेदारी है, न कि फिल्म को प्रतिबंधित करना।
   बीते दशकों की तुलना में वर्तमान में सेंसरशिप का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। पहले जहां सेंसरशिप केवल 'केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड' (सेंसर) की कैंची तक सीमित थी, वहीं अब एक अधिक खतरनाक 'समानांतर सेंसरशिप' का उदय हो गया। यह समानांतर व्यवस्था राजनीतिक दलों, धार्मिक संगठनों, वैचारिक समूहों और सोशल मीडिया की ट्रोल आर्मी के गठजोड़ से संचालित होती है। जैसे ही कोई फिल्म किसी संवेदनशील या लीक से हटकर मुद्दे को छूती है, ये समूह सड़कों पर हिंसा और डिजिटल स्पेस में 'बॉयकॉट' का अभियान शुरू कर देते हैं।
   राज्य सरकारें अक्सर कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपनी विफलता को छुपाने के लिए या बहुसंख्यक भावनाओं को तुष्ट करने के लिए शॉर्टकट रास्ता चुनती हैं और फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगा देती हैं। इस अनिश्चितता के माहौल में सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स मालिक भारी वित्तीय नुकसान के डर से स्वयं ही कदम पीछे खींच लेते हैं। यह प्रवृत्ति सेंसर बोर्ड जैसी वैधानिक संस्था की प्रासंगिकता और स्वायत्तता पर गंभीर सवालिया निशान लगाती है। यदि बोर्ड द्वारा प्रमाणित फिल्म भी देश में सुरक्षित रूप से प्रदर्शित नहीं हो सकती, तो ऐसी नियामक संस्था के होने का तार्किक औचित्य समाप्त हो जाता है।
     सिनेमाई पाबंदियों के इस विमर्श में कुछ अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों को जोड़ना प्रासंगिक होगा, जो यह दर्शाते हैं कि सत्ता चाहे किसी भी दल की हो, वह अपनी आलोचना के प्रति असहिष्णु रही है। वर्ष 1975 के आपातकाल के दौरान अमृत नाहटा की व्यंग्यात्मक फिल्म 'किस्सा कुर्सी का' का पूरा प्रिंट ही नष्ट कर दिया गया था। क्योंकि, वह तत्कालीन राजनीतिक नेतृत्व पर सीधा प्रहार करती थी। इसी तरह गुलज़ार की 'आंधी' को भी इंदिरा गांधी के जीवन से समानताएं दिखाने के भ्रम के कारण प्रतिबंधित कर दिया गया था। सेंसरशिप की यह राजनीति केवल राष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं, बल्कि क्षेत्रीय स्तर पर भी उतनी ही प्रभावी है। तमिल फिल्म 'दशावतारम' या कमल हासन की 'विश्वरूपम' को लेकर हुआ विवाद इसका सटीक उदाहरण है, जहां धार्मिक भावनाओं के आहत होने के आधार पर राज्य सरकार ने फिल्म के प्रदर्शन को अधर में लटका दिया था। विवेक अग्निहोत्री की 'द कश्मीर फाइल्स' और सुदीप्तो सेन की 'द केरला स्टोरी' जैसी फिल्मों को जहां कुछ राज्यों में कर-मुक्त किया गया, वहीं कुछ अन्य राज्यों में इन पर अघोषित प्रतिबंध लगाने की कोशिश की गई। यह विरोधाभास साबित करता है कि सिनेमा अब केवल कलात्मक अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि राजनीतिक ध्रुवीकरण का एक प्रमुख हथियार और शिकार दोनों बन गया।
    'सतलुज' जैसी फिल्मों का डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटाया जाना इस बात का संकेत है कि अब कलात्मक अभिव्यक्ति के लिए कोई सुरक्षित गलियारा नहीं बचा। राज्य का यह तर्क कि देश की एकता, अखंडता और सार्वजनिक शांति किसी भी रचनात्मक आजादी से ऊपर है, सिद्धांत रूप में सही हो सकता है। परंतु, इस तर्क की आड़ में असहमति की आवाजों को दबाना या इतिहास के कड़वे और असुविधाजनक पन्नों को पूरी तरह से फाड़ देना किसी भी जीवंत लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। सिनेमा केवल मनोरंजन या व्यावसायिक लाभ का जरिया नहीं है, बल्कि यह समाज के दबे हुए दर्द, ऐतिहासिक भूलों और मानवीय त्रासदियों को दर्ज करने का एक जीवंत दस्तावेज है। यदि किसी लोकतांत्रिक समाज या सरकार को किसी फिल्म के दृष्टिकोण से गंभीर आपत्ति है, तो उसका प्रतिकार करने का सही तरीका वैचारिक बहस, समीक्षाएं और स्वस्थ विमर्श होना चाहिए, न कि राज्य की दमनकारी शक्ति का उपयोग करके उस पर ताला लगा देना।
     इतिहास इस बात का गवाह है कि कला पर थोपे गए प्रतिबंध कभी भी स्थायी नहीं रहे हैं। जो फिल्में अपने समय में प्रतिबंधित या प्रताड़ित की गई, वे कालांतर में सिनेमा की कालजयी कृतियां बनीं और दर्शकों तक पहुंचीं। आज के सूचना और संचार क्रांति के युग में, जहां तकनीक ने दुनिया को एक वैश्विक गांव में बदल दिया है, किसी भी विचार या कलाकृति को पूरी तरह से दबाना व्यावहारिक रूप से असंभव है। सरकारें फिल्मों पर तात्कालिक प्रतिबंध लगाकर राजनीतिक विवादों को कुछ समय के लिए भले ही टाल दें, लेकिन वे उस बुनियादी सवाल को नहीं टाल सकतीं जो कला की आजादी और लोकतंत्र की सेहत से जुड़ा है। एक परिपक्व और सुदृढ़ लोकतंत्र की वास्तविक पहचान इसमें है कि वह असुविधाजनक सच का सामना करने और उस पर खुले दिमाग से संवाद करने का साहस दिखाएं, न कि सच दिखाने वाले परदे को ही गिरा दे।
----------------------------------------------------------------------------------------------------------------------


प्राण से बॉबी देओल तक : परदे पर छवि बदलकर अमर हुए सितारे

   सिनेमा में किसी कलाकार की पहचान केवल उसके चेहरे या स्टारडम से नहीं, बल्कि उसकी अभिनय क्षमता से बनती है। कई अभिनेता ऐसे रहे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक खास छवि के साथ की, लेकिन समय आने पर उसी छवि को तोड़कर नया इतिहास रच दिया। कोई रोमांटिक हीरो से खलनायक बना तो किसी ने खलनायक की छवि छोड़कर नायक या चरित्र अभिनेता के रूप में नई पहचान बनाई। आज इस परंपरा का सबसे चर्चित उदाहरण बॉबी देओल हैं, जिन्होंने अपने करियर की दूसरी पारी में ऐसी दमदार खलनायकी पेश की कि उनकी नई पहचान पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली बन गई।
000

- हेमंत पाल

     हिंदी सिनेमा का इतिहास बताता है कि लंबे समय तक वही कलाकार याद रखे जाते हैं जो अपनी स्थापित छवि से बाहर निकलने का साहस करते हैं। एक ही तरह की भूमिकाओं में बंधा कलाकार धीरे-धीरे टाइप्ड हो जाता है। जबकि, नए किरदार उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं। बदलते समय के साथ दर्शकों की पसंद भी बदली है और अब वे केवल आदर्श नायक नहीं, बल्कि जटिल, ग्रे-शेड वाले किरदारों को भी उतनी ही गंभीरता से स्वीकार करते हैं। बॉबी देओल का सफर इसी बदलाव की सबसे ताजा मिसाल है। वर्ष 1995 में फिल्म 'बरसात' से बॉलीवुड में कदम रखने वाले बॉबी अपनी नीली आंखों, घुंघराले बालों और मासूम मुस्कान के कारण जल्द ही युवाओं के पसंदीदा रोमांटिक हीरो बन गए। गुप्त, सोल्जर, बादल और 'बिच्छू' जैसी फिल्मों ने उन्हें एक सफल एक्शन और रोमांटिक स्टार के रूप में स्थापित किया। उनके हेयर स्टाइल और स्टाइल स्टेटमेंट युवाओं के बीच ट्रेंड बन गए। लेकिन, समय के साथ फिल्मों का मिजाज बदला और बॉबी देओल का करियर धीमा पड़ने लगा। कई वर्षों तक उन्हें वैसी सफलता नहीं मिली, जिसकी उम्मीद की जाती थी।
    आमतौर पर फिल्म उद्योग में ऐसा दौर किसी भी अभिनेता के करियर का अंत मानता है। लेकिन, बॉबी देओल ने इसे नई शुरुआत बना दिया। उन्होंने अपनी पूरी स्क्रीन इमेज बदलने का जोखिम उठाया। साल 2018 में 'रेस-3' से उनकी वापसी हुई, जहां पहली बार उन्होंने नकारात्मक छवि की झलक दिखाई। इसके बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आई प्रकाश झा की वेब सीरीज 'आश्रम' में बाबा निराला का किरदार उनके करियर का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। लालच, सत्ता, छल और क्रूरता से भरे इस चरित्र को उन्होंने इतनी सहजता से निभाया कि दर्शकों ने पहली बार उनके अभिनय का बिल्कुल अलग रूप देखा। शांत चेहरा, संयमित संवाद और आंखों के भावों से भय पैदा करने की उनकी क्षमता ने उन्हें नई पहचान दिलाई। 
     इसके बाद फिल्म 'एनिमल' में अबरार हक का किरदार उनके अभिनय जीवन का सबसे बड़ा पड़ाव बन गया। इस भूमिका में उनके संवाद बेहद कम थे, लेकिन उनकी मौजूदगी ही दर्शकों के लिए रोमांच और खौफ का कारण बन गई। बिना बोले केवल हावभाव और शारीरिक भाषा के सहारे उन्होंने ऐसा खलनायक रचा जिसकी चर्चा फिल्म के नायक के बराबर हुई। यही किसी अभिनेता की सबसे बड़ी सफलता मानी जाती है कि उसका नकारात्मक किरदार पूरी फिल्म की सबसे यादगार पहचान बन जाए। 'अल्फा' में भी उनका खतरनाक अंदाज यह साबित करता है कि बॉबी देओल ने अपनी दूसरी पारी को पूरी तरह अपने नाम कर लिया। अब इंतजार है रितिक रोशन के साथ आने वाली उनकी फिल्म 'बंदर' और वेब सीरीज 'आश्रम-4' का जिसमें बॉबी का नया चेहरा नजर आएगा।     
    बॉबी देओल इस परंपरा के पहले कलाकार नहीं हैं। हिंदी सिनेमा में कई ऐसे सितारे हुए जिन्होंने अपनी छवि बदलकर नई लोकप्रियता हासिल की। छवि बदलने की बात हो तो सबसे पहला नाम प्राण का आता है। एक समय ऐसा था जब परदे पर उनके आते ही दर्शकों के मन में नफरत पैदा हो जाती थी। उनकी खलनायकी इतनी प्रभावशाली थी कि लोग अपने बच्चों का नाम तक प्राण रखने से कतराते थे। लेकिन 'उपकार' में मलंग चाचा के सकारात्मक किरदार ने उनकी पूरी छवि बदल दी। इसके बाद वे चरित्र अभिनेता के रूप में उतने ही लोकप्रिय हुए जितने पहले खलनायक के रूप में थे। शत्रुघ्न सिन्हा ने भी अपने करियर की शुरुआत नकारात्मक भूमिकाओं से की थी। उनकी दमदार आवाज और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने उन्हें अलग पहचान दिलाई, लेकिन बाद में वे सफल नायक बने और दर्शकों ने उन्हें दोनों रूपों में भरपूर प्यार दिया। इसी तरह विनोद खन्ना ने शुरुआती दौर में कई फिल्मों में विलेन की भूमिका निभाई, लेकिन बाद में वे हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय नायकों में शामिल हो गए और अमिताभ बच्चन के समानांतर खड़े नजर आए।
    शाहरुख खान की सफलता की कहानी भी इसी बदलाव का उदाहरण है। आज वे रोमांस के बादशाह माने जाते हैं, लेकिन उनके करियर की शुरुआती पहचान बाजीगर, डर और 'अंजाम' जैसे नकारात्मक किरदारों से बनी थी। उस दौर में जब बड़े अभिनेता खलनायक बनने से बचते थे, शाहरुख ने यह जोखिम उठाया और दर्शकों ने उन्हें हाथों-हाथ लिया। बाद में वही अभिनेता रोमांटिक हीरो के रूप में इतिहास रच गया। सैफ अली खान ने भी अपने करियर के शुरुआती वर्षों में रोमांटिक और हल्के-फुल्के किरदार निभाए। लेकिन, विशाल भारद्वाज की 'ओमकारा' में लंगड़ा त्यागी का किरदार उनके अभिनय जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। चालाक, ईर्ष्यालु और क्रूर चरित्र को उन्होंने जिस गहराई से निभाया, उसने उन्हें गंभीर अभिनेता के रूप में स्थापित कर दिया। संजय दत्त भी लंबे समय तक रोमांटिक और एक्शन स्टार रहे, लेकिन 'अग्निपथ' में कांचा चीना के रूप में उनका भयावह अवतार दर्शकों के लिए बिल्कुल नया था। गंजा सिर, भारी शरीर और डर पैदा करने वाली मुस्कान ने इस किरदार को यादगार बना दिया। बाद में 'केजीएफ चैप्टर-2' में अधीरा के रूप में उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि खलनायक की भूमिका भी किसी नायक जितनी प्रभावशाली हो सकती है। खास बात यह कि संजय दत्त की एक फिल्म का नाम ही 'खलनायक' था, जिसमें उनका किरदार नायक का था।  

    अमजद खान का उदाहरण थोड़ा अलग है। 'शोले' में गब्बर सिंह का किरदार उन्हें हमेशा के लिए अमर बना गया। बाद में उन्होंने कई सकारात्मक और हास्य भूमिकाएं निभाईं, लेकिन दर्शकों के मन में उनकी खलनायक वाली छवि इतनी मजबूत रही कि उससे पूरी तरह बाहर निकलना संभव नहीं हो पाया। यह इस बात का भी प्रमाण है कि कभी-कभी एक किरदार अभिनेता की पूरी पहचान बन जाता है। हाल के वर्षों में अजय देवगन, रणदीप हुड्डा, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और विजय सेतुपति जैसे कलाकारों ने भी नायक और खलनायक की सीमाओं को लगभग समाप्त कर दिया है। आज दर्शक यह नहीं देखते कि कलाकार हीरो है या विलेन, बल्कि यह देखते हैं कि उसने अपने किरदार को कितनी ईमानदारी और प्रभावशाली ढंग से निभाया है। दरअसल, बदलते सिनेमा के साथ खलनायक की परिभाषा भी बदली है। पहले फिल्मों में नायक पूरी तरह आदर्श और खलनायक पूरी तरह दुष्ट होता था, लेकिन आज के दौर में अधिकांश किरदार ग्रे शेड लिए होते हैं। ऐसे किरदार कलाकारों को अभिनय की अधिक स्वतंत्रता देते हैं। खलनायक बनने पर किसी अभिनेता पर आदर्श दिखने या नैतिकता निभाने का दबाव नहीं होता। वह अपने अभिनय के हर रंग को खुलकर सामने ला सकता है।
    बॉबी देओल स्वयं स्वीकार कर चुके हैं कि नकारात्मक भूमिकाओं ने उन्हें वह रचनात्मक स्वतंत्रता दी जो उन्हें अपने तीन दशक लंबे करियर में पहले कभी नहीं मिली। शायद यही वजह है कि आज बड़े सितारे भी खलनायक बनने से नहीं हिचकते। अब दर्शक भी हीरो और विलेन के पारंपरिक खांचों से आगे बढ़ चुके हैं। बॉबी देओल का 'बरसात' के मासूम प्रेमी से लेकर 'एनिमल' और 'अल्फा' के खतरनाक खलनायक तक का सफर इस बात का प्रमाण है कि सच्चा कलाकार वही है जो समय के साथ खुद को बदल सके और हर नए किरदार में दर्शकों को चौंका दे। हिंदी सिनेमा की यही परंपरा उसे जीवंत और समृद्ध बनाती है। अंततः जीत नायक या खलनायक की नहीं, बल्कि बेहतरीन अभिनय और यादगार किरदारों की होती है।
------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

आर माधवन : प्रतिभा, प्रतिबद्धता का सफर, 'पद्मश्री' से मिली पहचान

    भारतीय सिनेमा में कुछ कलाकार ऐसे होते हैं, जो अपनी लोकप्रियता का शोर नहीं मचाते, बल्कि अपने काम को ही अपनी पहचान बनने देते हैं। आर माधवन ऐसे ही कलाकार हैं। लगभग तीन दशक के अपने अभिनय जीवन में उन्होंने न केवल हिंदी, तमिल, तेलुगु और अन्य भारतीय भाषाओं की फिल्मों में अपनी विशिष्ट छाप छोड़ी, बल्कि यह साबित भी किया कि अभिनय केवल स्टारडम का खेल नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, अध्ययन और अनुशासन की कला है। रोमांटिक नायक से लेकर वैज्ञानिक, खलनायक, सैनिक, शिक्षक और जटिल मनोवैज्ञानिक किरदारों तक उन्होंने हर भूमिका को अलग पहचान दी।
000

- हेमंत पाल

    भारतीय सिनेमा में जब ऐसे कलाकारों की चर्चा होती है जिन्होंने लोकप्रियता और अभिनय क्षमता के बीच संतुलन बनाया, तो आर माधवन का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। वे उन अभिनेताओं में शामिल हैं जिन्होंने कभी भी स्वयं को चर्चा में बनाए रखने के लिए विवादों, प्रचार अभियानों या निजी जीवन के प्रदर्शन का सहारा नहीं लिया। उनका पूरा ध्यान हमेशा अपने काम पर रहा। यही कारण है कि वे अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के बीच समान रूप से लोकप्रिय हैं। उनकी फिल्मों की संख्या बहुत अधिक नहीं है, लेकिन जिन फिल्मों में उन्होंने काम किया, उनमें अधिकांश में उनका अभिनय लंबे समय तक याद रखा गया। अभिनय की दुनिया में आने से पहले उन्होंने टेलीविजन धारावाहिकों और विज्ञापनों में काम किया। इसी दौर में उनकी सहज अभिनय शैली ने फिल्म निर्देशकों का ध्यान आकर्षित किया।
   आर माधवन को ऐसे कलाकारों की बिरादरी में गिना जाता है, जिन्होंने अभिनय के साथ लेखक, निर्माता और निर्देशक के रूप में भी अपनी क्षमता का परिचय दिया। भारत सरकार का उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया जाना, एक सफल अभिनेता का सम्मान नहीं, बल्कि उस कलाकार की लोकप्रियता और गुणवत्ता का भी सम्मान है। सिर्फ अभिनय ही नहीं, उनकी निजी जिंदगी भी उतनी ही प्रेरणादायक है। उन्होंने अपने बेटे वेदांत माधवन को फिल्मों की चमक-दमक से दूर रखकर खेलों की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर दिया। आज वेदांत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और अनेक स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। आर माधवन की यह यात्रा बताती है कि सफलता केवल पर्दे पर नहीं, बल्कि जीवन के मूल्यों में भी दिखाई देती है।
     उनके फिल्मी जीवन की सबसे बड़ी शुरुआत वर्ष 2000 में तमिल फिल्म 'अलाईपायुथे' से हुई, जिसका निर्देशन मणिरत्नम ने किया था। इस फिल्म ने उन्हें दक्षिण भारतीय सिनेमा का बड़ा सितारा बना दिया। इसके बाद उन्होंने मिन्नाले, रन, कन्नथिल मुथमित्तल, अंबे शिवम, इरुधि सुत्रु, विक्रम वेधा और 'रॉकेट्री : द नंबी इफेक्ट' जैसी फिल्मों में यादगार अभिनय किया। हर फिल्म में उनका किरदार पिछले किरदार से अलग दिखाई देता है। हिंदी सिनेमा में उनकी पहचान वर्ष 2001 में आई फिल्म 'रहना है तेरे दिल में' से बनी। फिल्म ने उस समय बहुत बड़ी व्यावसायिक सफलता नहीं पाई, लेकिन समय के साथ यह युवाओं की पसंदीदा फिल्मों में शामिल हो गई। 
    आज भी इस फिल्म में निभाया गया उनका मैडी का किरदार सबसे लोकप्रिय रोमांटिक पात्रों में गिना जाता है। इसके बाद उन्होंने रंग दे बसंती, गुरु, 3 इडियट्स, तनु वेड्स मनु, तनु वेड्स मनु रिटर्न्स, थ्री इडियट्स, रंग दे बसंती, साला खड़ूस, हिसाब बराबर, शैतान और 'केसरी चैप्टर 2' जैसी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। विशेष रूप से '3 इडियट्स' में फरहान कुरैशी का उनका अभिनय आज भी युवाओं को प्रेरित करता है। यह किरदार केवल एक छात्र की कहानी नहीं था, बल्कि अपने सपनों का पीछा करने का संदेश भी देता था। वहीं 'तनु वेड्स मनु' श्रृंखला में एक संयमित और संवेदनशील पति का किरदार निभाकर यह दिखाया कि बिना अधिक संवादों के भी प्रभावशाली अभिनय किया जा सकता है।
     आर माधवन की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना 'रॉकेट्री : द नंबी इफेक्ट' रही। इस फिल्म में उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक नंबी नारायणन की भूमिका निभाने के साथ-साथ निर्देशन, लेखन और निर्माण की जिम्मेदारी भी संभाली। यह फिल्म केवल एक जीवनी नहीं थी, बल्कि भारतीय वैज्ञानिकों के संघर्ष और सम्मान की कहानी भी थी। फिल्म को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। इस फिल्म ने यह सिद्ध किया कि माधवन केवल अभिनेता ही नहीं, बल्कि गंभीर फिल्मकार भी हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने अपने किरदारों के चयन में और अधिक विविधता दिखाई है। 'शैतान' में उन्होंने एक रहस्यमय और नकारात्मक चरित्र निभाकर दर्शकों को चौंका दिया। वर्षों तक सकारात्मक छवि वाले अभिनेता रहे माधवन ने इस भूमिका के माध्यम से साबित किया कि वे किसी भी तरह के किरदार को विश्वसनीय बना सकते हैं। 
    हाल ही में प्रदर्शित फिल्म 'धुरंधर' में भी उनके अभिनय की व्यापक चर्चा हुई। फिल्म की दोनों कड़ियों में उन्होंने अपने किरदार को जिस परिपक्वता और संतुलन के साथ निभाया, उससे एक बार फिर स्पष्ट हुआ कि वे केवल लोकप्रिय अभिनेता नहीं, बल्कि मजबूत चरित्र अभिनेता भी हैं। उनकी विशेषता यह है कि वे किसी भी भूमिका को बाहरी दिखावे के बजाय उसके मनोवैज्ञानिक पक्ष से समझते हैं। यही कारण है कि उनके अधिकांश पात्र वास्तविक जीवन के करीब महसूस होते हैं। आर माधवन की कार्यशैली भी उन्हें अन्य कलाकारों से अलग बनाती है। वे हर वर्ष कई फिल्में करने की होड़ में नहीं रहते। वे केवल वही परियोजनाएं स्वीकार करते हैं जिनकी कहानी और पात्र उन्हें प्रभावित करते हैं। अनेक बार उन्होंने बड़े बजट की फिल्मों को भी केवल इसलिए अस्वीकार किया क्योंकि उन्हें लगा कि उनका किरदार पर्याप्त प्रभावशाली नहीं है। यह निर्णय व्यावसायिक दृष्टि से कठिन हो सकता है, लेकिन इससे उनकी कलात्मक विश्वसनीयता बनी रही।
     उनकी यही गंभीरता और भारतीय सिनेमा में लंबे समय तक दिए उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें  देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्मश्री' से सम्मानित किया। यह सम्मान केवल लोकप्रियता के आधार पर नहीं दिया जाता, बल्कि संबंधित क्षेत्र में लंबे समय तक किए गए विशिष्ट योगदान को ध्यान में रखकर प्रदान करने की परंपरा है। माधवन ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार किरदार दिए, क्षेत्रीय और हिंदी फिल्मों के बीच सेतु का कार्य किया तथा निर्देशन और निर्माण के माध्यम से भी गुणवत्ता को प्राथमिकता दी। इन सभी उपलब्धियों ने उन्हें इस सम्मान का पात्र बनाया। माधवन का व्यक्तित्व केवल अभिनय तक सीमित नहीं है। वे सामाजिक विषयों पर भी संतुलित और जिम्मेदार दृष्टिकोण रखते हैं। वे अनावश्यक विवादों से दूर रहते हैं और सार्वजनिक मंचों पर भी संयमित भाषा का प्रयोग करते हैं। फिल्म उद्योग में उनकी छवि एक अनुशासित, समय का सम्मान करने वाले और सहयोगी कलाकार की रही है। अनेक युवा अभिनेता उन्हें प्रेरणा के रूप में देखते हैं।
    उनके पारिवारिक जीवन का सबसे उल्लेखनीय पक्ष उनके बेटे वेदांत माधवन की उपलब्धियां हैं। जहां फिल्मी परिवारों में अक्सर अगली पीढ़ी अभिनय की तरफ बढ़ती है, वहीं माधवन ने अपने बेटे की रुचि को प्राथमिकता दी। वेदांत ने बचपन से ही तैराकी में गहरी दिलचस्पी दिखाई। पिता ने उसकी प्रतिभा को पहचानकर उसे आवश्यक प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इसके लिए परिवार ने अपने जीवन की कई प्राथमिकताओं में बदलाव भी किया, ताकि वेदांत को बेहतर प्रशिक्षण मिल सके। वेदांत माधवन आज देश के उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय तैराकों में गिने जाते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अनेक पदक जीते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है। विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में उन्होंने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए हैं। विशेष रूप से मध्यम और लंबी दूरी की फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उन्होंने भारतीय तैराकी के लिए नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
     माधवन अपने बेटे की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत और अनुशासन को देते हैं। वे कई बार कह चुके हैं कि उन्होंने कभी भी वेदांत पर फिल्मों में आने का दबाव नहीं डाला। उनका मानना है कि प्रत्येक बच्चे को अपनी रुचि के अनुसार जीवन का रास्ता चुनने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। यही सोच उन्हें एक जिम्मेदार पिता के रूप में भी अलग पहचान देती है। वेदांत की उपलब्धियों के दौरान कई अवसरों पर आर. माधवन स्वयं दर्शक दीर्घा में बैठकर उनका उत्साह बढ़ाते दिखाई दिए। उन्होंने बेटे के प्रशिक्षण के लिए विदेशों में भी समय बिताया और अपनी फिल्मी व्यस्तताओं के बीच उसके खेल जीवन को प्राथमिकता दी। यह उदाहरण बताता है कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी उन्होंने परिवार और बच्चों के भविष्य को समान महत्व दिया।
    आज आर माधवन केवल एक सफल अभिनेता नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा में गरिमा, सादगी और उत्कृष्टता के प्रतीक बन चुके हैं। उन्होंने यह साबित किया कि लंबे समय तक सम्मान पाने के लिए लगातार प्रचार नहीं, बल्कि लगातार अच्छा काम आवश्यक होता है। पद्मश्री सम्मान ने उनके इसी योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किया है। अभिनय, निर्देशन, सामाजिक जिम्मेदारी और पारिवारिक मूल्यों का जो संतुलन उन्होंने स्थापित किया है, वह उन्हें समकालीन भारतीय सिनेमा के सबसे सम्मानित कलाकारों की श्रेणी में खड़ा करता है। आने वाले वर्षों में भी उनसे ऐसी ही सार्थक और स्तरवान फिल्मों की अपेक्षा रहेगी, क्योंकि उन्होंने अपने पूरे करियर में यह सिद्ध किया है कि लोकप्रियता से कहीं अधिक स्थायी होती है उत्कृष्टता।
----------------------------------------------------------------------------------------------------------------