एक समय था जब लोकप्रियता हासिल करने के लिए फिल्म उद्योग, टीवी चैनलों या बड़े मीडिया संस्थानों तक पहुंच जरूरी मानी जाती थी। ऐसे में कलाकार, गायक, लेखक या कॉमेडियन बनने का सपना अक्सर संसाधनों और अवसरों की कमी में दब जाता था। लेकिन, इंटरनेट और सोशल मीडिया ने इस पूरी व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया। आज स्मार्टफोन, इंटरनेट कनेक्शन और रचनात्मक सोच रखने वाला व्यक्ति इंफ्लुएंसर या कंटेंट क्रिएटर बनकर लाखों लोगों तक अपनी बात पहुंचा सकता है। यही कारण है कि ये लोग अब केवल मनोरंजन नहीं करते, बल्कि आधुनिक अर्थव्यवस्था और समाज का प्रभावशाली हिस्सा बन गए हैं। उनकी बात को गंभीरता से सुना भी जाता है। आज स्क्रीन से बाजार तक इन्फ्लुएंसर और क्रिएटर की अलग ही दुनिया सज गई।
000
- हेमंत पाल
यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स, स्नैपचैट और पॉडकास्ट जैसे प्लेटफॉर्म ने रचनात्मकता का लोकतंत्रीकरण कर दिया। अब गांव का लोकगायक, छोटे शहर का शिक्षक, घरेलू व्यंजन बनाने वाली महिला या यात्रा प्रेमी युवा भी दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंच बनाने लगे। पहले जहां प्रतिभा को मंच की तलाश करनी पड़ती थी, वहीं अब मंच लोगों की जेब में मौजूद मोबाइल फोन में है। ये चमत्कार है डिजिटल प्लेटफॉर्म का, जिसने सफलता की परिभाषा और उसकी राह दोनों को बदल दिया। सोशल मीडिया ने प्रसिद्धि और सफलता के पारंपरिक मॉडल को एक तरह से चुनौती दे दी। पहले लोगों को पहचान पाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता था। ऑडिशन और मीडिया नेटवर्क की जरूरत होती थी। लेकिन, अब कोई भी व्यक्ति लगातार अच्छा कंटेंट बनाकर अपनी अलग पहचान बना सकता है। यही कारण है कि पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल क्रिएटर एक नए सामाजिक वर्ग के रूप में उभर गए। लोग इंफ्लुएंसर की सलाहों को गंभीरता से लेने लगे।
आज लोग टीवी सितारों से अधिक उन चेहरों को पहचानते हैं, जो रोज उनकी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देते हैं। फिटनेस ट्रेनर, फूड ब्लॉगर, टेक रिव्यूअर, ट्रैवल ब्लॉगर, एजुकेशन क्रिएटर और नए कॉमेडियन लाखों लोगों के जीवन का हिस्सा बन चुके। वे केवल मनोरंजन नहीं कर रहे, बल्कि लोगों की पसंद, खरीदारी और सोच को भी प्रभावित करने लगे। देश में भुवन बाम, प्राजक्ता कोली, कैरी मिनाटी, गौरव तनेजा, रणवीर अल्लाहबादिया, राज शमानी और तकनीकी गुरुजी जैसे कई नाम इस बदलाव की मिसाल हैं। इन लोगों ने पारंपरिक मीडिया से बाहर रहकर अपनी डिजिटल पहचान बनाई और बाद में वही पहचान उनके लिए बड़ा व्यवसाय बन गई। इनकी लोकप्रियता अब केवल इंटरनेट तक सीमित नहीं है। ये ब्रांड एंबेसडर, उद्यमी, लेखक और सार्वजनिक व्यक्तित्व बन गए।
डिजिटल युग में लोगों का भरोसा पारंपरिक विज्ञापनों से हटकर 'व्यक्तिगत अनुभव' पर बढ़ा है। यही वजह है कि इन्फ्लुएंसर का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। जब कोई व्यक्ति अपने पसंदीदा क्रिएटर को किसी उत्पाद, पुस्तक, कपड़े, मोबाइल या यात्रा स्थल की सिफारिश करते देखता है, तो उसे वह सुझाव अधिक वास्तविक और भरोसेमंद लगता है। दरअसल, सोशल मीडिया पर संबंध अधिक व्यक्तिगत दिखाई देते हैं। लोग अपने पसंदीदा क्रिएटर की रोजमर्रा की जिंदगी, संघर्ष, विचार और आदतों से परिचित हो जाते हैं। इससे दर्शकों को एक भावनात्मक जुड़ाव महसूस होता है। यही जुड़ाव इन्फ्लुएंसर को प्रभावशाली बनाता है। युवा पीढ़ी विशेष रूप से इस संस्कृति से प्रभावित है। वे फैशन, फिटनेस, करियर, रिश्तों और यहां तक कि राजनीतिक मुद्दों पर भी सोशल मीडिया क्रिएटर्स की राय को गंभीरता से सुनते हैं। कई बार किसी इन्फ्लुएंसर की एक वीडियो या पोस्ट लाखों लोगों की सोच और खरीदारी की दिशा बदल देती है।
कुछ साल पहले तक लोग यूट्यूब वीडियो या इंस्टाग्राम पोस्ट को केवल शौक समझते थे। लेकिन, आज यह एक संगठित उद्योग बन चुका। कंटेंट क्रिएटर अब कैमरे के सामने अकेले काम करने वाले लोग नहीं रहे। उनके पास टीम, मैनेजर, एडिटर, स्क्रिप्ट राइटर, ब्रांड पार्टनर और बिजनेस रणनीतियां होती हैं। इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग आज अरबों डॉलर का वैश्विक उद्योग बन गई। बड़ी कंपनियां भी अब टीवी विज्ञापनों की तुलना में सोशल मीडिया प्रमोशन पर ज्यादा खर्च करने लगी। क्योंकि, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधा और व्यक्तिगत संवाद संभव है। यहां विज्ञापन केवल प्रचार नहीं लगता, बल्कि किसी परिचित व्यक्ति की सलाह जैसा दिखाई देता है।
आज फैशन, ब्यूटी, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, फिटनेस, पर्यटन और फूड इंडस्ट्री में इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग एक तरह से रणनीति बन गई है। छोटे कारोबारी भी स्थानीय क्रिएटर्स की मदद से अपने उत्पादों को लोकप्रिय बना रहे। इससे कम लागत में बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंच बनाना आसान हुआ। कई कंटेंट क्रिएटर्स अब अपनी खुद की कंपनियां और ब्रांड चला रहे हैं। कोई स्किनकेयर ब्रांड शुरू कर रहा है, कोई ऑनलाइन कोर्स बेच रहा है, तो कोई पॉडकास्ट नेटवर्क और डिजिटल एजेंसी चला रहा है। इस तरह 'पर्सनल ब्रांडिंग' आधुनिक उद्यमिता का नया आधार बन गई।
डिजिटल क्रांति का सबसे बड़ा प्रभाव यह है कि अब अवसर केवल महानगरों तक सीमित नहीं रहे। छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी वैश्विक मंच मिलने लगा है। आज मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत जैसे क्षेत्रों से हजारों क्रिएटर्स सोशल मीडिया पर लोकप्रिय हो रहे। लोक संगीत, क्षेत्रीय भाषा, पारंपरिक भोजन और स्थानीय संस्कृति अब इंटरनेट के जरिए दुनिया तक पहुंच रही है। भोजपुरी गीतों, राजस्थानी लोक नृत्य और मध्यप्रदेश की जनजातीय कला को डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ही नई पहचान दी है। इससे न केवल कलाकारों को अवसर मिले, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विविधता को भी मजबूती मिली है। कई ग्रामीण क्रिएटर्स ने अपने स्थानीय जीवन को ही कंटेंट का विषय बनाया और उसी के जरिए लोकप्रियता हासिल की। लोग अब रियल और स्थानीय कंटेंट को पसंद करने लगे हैं। यही वजह है कि छोटे शहरों के क्रिएटर्स भी बड़े ब्रांड्स के साथ काम कर रहे हैं।
हालांकि, इन्फ्लुएंसर संस्कृति के सकारात्मक पहलुओं के साथ कई चुनौतियां भी सामने हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने की होड़ में कई लोग गलत जानकारी, दिखावटी जीवनशैली और विवादित कंटेंट का सहारा लेते हैं। कई बार बिना जांचे-परखे स्वास्थ्य, निवेश या सामाजिक मुद्दों पर सलाह दी जाती है, जिसका असर लाखों लोगों पर पड़ता है। यही कारण है कि अब इन्फ्लुएंसर्स की सामाजिक जिम्मेदारी पर भी चर्चा बढ़ने लगी। जब लाखों लोग किसी व्यक्ति की बात सुनते हैं, तो उसकी जिम्मेदारी भी उतनी ही बढ़ जाती है। डिजिटल प्रभाव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जनमत निर्माण का माध्यम भी बन गया। सरकारें और डिजिटल प्लेटफॉर्म भी अब विज्ञापन पारदर्शिता, फेक न्यूज और ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर नियम बनाने पर जोर देने लगे हैं। उम्मीद की जाने लगी कि भविष्य में यह उद्योग और अधिक संगठित तथा नियंत्रित हो सकता है।
डिजिटल क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर केवल एक ट्रेंड नहीं, बल्कि यह आधुनिक अर्थव्यवस्था का नया चेहरा भी बन चुके हैं। आने वाले सालों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वर्चुअल रियलिटी और नए डिजिटल प्लेटफॉर्म इस उद्योग को और बड़ा बनाएंगे। कंपनियां अब केवल उत्पाद नहीं बेचेंगी, बल्कि व्यक्तिगत प्रभाव के जरिए ग्राहकों से जुड़ने की कोशिश करेंगी। आज का युवा नौकरी के पारंपरिक विकल्पों के साथ-साथ कंटेंट क्रिएशन को भी करियर के रूप में देख रहा है। कैमरे के सामने बोलने वाला व्यक्ति अब केवल कलाकार नहीं, बल्कि मीडिया हाउस, मार्केटिंग एजेंसी और व्यवसायी भी है। स्पष्ट है कि सोशल मीडिया ने रचनात्मकता को नया लोकतांत्रिक स्वरूप दिया है। इसने आम लोगों को आवाज, पहचान और अवसर दिए हैं। लेकिन, साथ ही यह भी सच है कि डिजिटल दुनिया में लोकप्रियता अब केवल शौक का परिणाम नहीं रही। यह एक गंभीर व्यवसाय, प्रभाव और आधुनिक शक्ति का रूप ले चुकी है।
-------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
















