Sunday, January 18, 2026

नया साल और सिनेमा // देशभक्ति, रोमांस और हॉरर कॉमेडी के साथ फिर दिखेंगे राम

   साल बदलने का आशय सिर्फ अंक बदलना नहीं होता। उसके साथ और भी बहुत कुछ बदलता है। यहां तक कि दर्शकों का फिल्म देखने का नजरिया और पसंद भी। फिल्मकार भी उसी मूड को भांपकर कथानक तय करते हैं। 2025 का साल इसका प्रमाण है कि दर्शकों के मनोरंजन मूड में अंतर आ रहा है। छावा, सैयारा और 'धुरंधर' से यह साबित भी हुआ, जिनके कथानक आपस में कहीं मेल नहीं खाते। यह ट्रेंड 2026 में भी दिखाई देगा। नए साल में सीक्वल के साथ एक्शन, हॉरर कॉमेडी, प्रेम और धर्म का बड़ा मेला लगने वाला है। मनोरंजन का ये मॉकटेल कितने दर्शकों को भाएगा, ये तो वक़्त बताएगा। जहां तक कलाकारों के जादू चलने का सवाल है, तो रणवीर कपूर इस कतार में सबसे आगे खड़े हैं। उनकी दो फ़िल्में 'रामायण' और 'लव एंड गॉड' से बड़ी उम्मीदें लगी है। 
000 

- हेमंत पाल

   या साल (2026) हिंदी सिनेमा के लिए सीक्वल, वॉर ड्रामा और मेगा सागा का साल बनता दिखाई दे रहा है। यहां बड़े बजट, स्टार कास्ट और पैन इंडिया की पहुंच मिलकर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाल कर सकते हैं। दर्शकों ने 2025 में कंटेंट ड्रिवेन फिल्मों की ताकत देख ली, 2026 में वही ट्रेंड स्टार पावर और फ्रैंचाइज़ी फिल्मों के साथ मिलकर और तेजी से लौटने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। 2026 की योजना में वॉर ड्रामा बॉर्डर-2, बैटल ऑफ़ गलवान, माईथोलॉजिकल एपिक रामायण, क्राइम थ्रिलर मर्दानी-3, स्पाई-यूनिवर्स : अल्फा, हॉरर कॉमेडी भूत बंगला, भेड़िया-2 और मैड कैप कॉमेडी 'धमाल-4' एक साथ लाइन में खड़ी हैं। ये साल दो बड़े ट्रेंड को और पुख़्ता करेगा, ये हैं कंटेंट और फ्रैंचाइज़ी यानी सुरक्षित खेल। जैसे मर्दानी-3, धमाल-4 और भेड़िया-2.पैन इंडिया और 'यूनिवर्स' फिल्में हैं। यशराज की 'अल्फा' और पौराणिक 'रामायण' का मल्टी लैंग्वेज प्रदर्शन आसमान चढ़कर बोलेगा।
    'बॉर्डर-2' दर्शकों में देशभक्ति जगाने वाली फिल्म है, जिसे जनवरी के रिपब्लिक-डे वीकेंड पर रिलीज किया जा रहा, जो सीधे 1997 की क्लासिक 'बॉर्डर' की याद दिलाएगी और भावनात्मक नॉस्टैल्जिया को कैश करेगी। इसमें सनी देओल के साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांज जैसे कलाकार हैं, यानी इसमें पुरानी पीढ़ी की इमेज और नई जनरेशन की स्टार वैल्यू का मिश्रण होगा। वॉर, एक्शन और देशभक्ति का यह मसाला मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों पर जादू दिखाए तो हैरानी नहीं होना चाहिए। इसके अलावा नितेश तिवारी निर्देशित 'रामायण (पार्ट-1) साल की सबसे बड़ी विज़ुअल सागा होगी, जिसे 2026 की सबसे महत्वाकांक्षी हिंदी फिल्म माना जा रहा है। इसकी स्केल और वीएफएक्स को 'इंडियन सिनेमा की अब तक की सबसे भव्य प्रोजेक्ट्स' में गिना जा रहा है। रणवीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे नाम इसे पैन-इंडिया इवेंट बना सकते हैं। धार्मिक-सांस्कृतिक भावनाओं के बीच यह फिल्म अगर कंटेंट के स्तर पर बैलेंस साधने में सफल होती है, तो यह 2026 की सबसे ज्यादा चर्चित होने वाली फिल्म बन सकती है।  
    संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वार' को मार्च में रिलीज़ के लिए प्लान किया जा रहा है। यह फिल्म प्रेम, संघर्ष और भव्य प्रोडक्शन वाली 'इमोशनल इवेंट' फिल्म होगी, जो भंसाली की पहचान है। संभावना है कि यह फिल्म 2026 के रोमांटिक ड्रामा स्पेस को आकर्षित करे। ठीक वैसे ही जैसे 2025 में 'सैयारा' ने रोमांस, लवर यूथ ऑडियंस को अपनी तरफ खींचा था। इसके अलावा धमाल-4, भूत बंगला, और भेड़िया-2 से कॉमेडी और हॉरर कॉमेडी की वापसी होने वाली है, जिसका 2025 में अभाव देखा गया। 'धमाल-4' पुराने गैंग की लालच और पागलपंती को नए ट्रेज़र-हंट के साथ फिर लौटा सकता है। प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की जोड़ी 'भूत बंगला' में हॉरर कॉमेडी की क्लासिक टाइमिंग वापस लाने की कोशिश करेगी, जो कि हॉरर कॉमेडी पंच होता है। इसके गुड फ्राइडे वाले वीकेंड पर रिलीज का मतलब है फैमिली ऑडियंस को टारगेट करना। 'भेड़िया-2' वरुण धवन के क्रिएचर-यूनिवर्स को आगे बढ़ाएगी, जहां वीएफएक्स और डार्क ह्यूमर के साथ जंगल-लोककथा वाला देसी सुपरनैचुरल जोन मजबूत होगा। 
     इसी तरह यशराज की 'मर्दानी-3' और 'अल्फा' महिला केंद्रित एक्शन फिल्म है। 'मर्दानी-3' में रानी मुखर्जी एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में लौटेंगी और फ्रैंचाइज़ी के क्राइम थ्रिलर टोन को आगे बढ़ाएंगी। यह फिल्म मिड-रेंज बजट की है, लेकिन हाई इम्पैक्ट वाली कैटेगरी में मजबूती से खड़े होने ताकत रखती है। इसके पहले वाली दोनों 'मर्दानी' ने महिला दर्शकों को जबरदस्त आकर्षित किया था। यशराज की ही स्पाई यूनिवर्स की 'अल्फ़ा' में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ एक नई फीमेल-स्पाई जोड़ी के रूप में नजर आने वाली हैं। पठान, टाइगर, वार जैसी मेल डोमिनेंट फिल्मों की भीड़ में यह फिल्म जेंडर-बैलेंस की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। अगर फिल्म की एक्शन मजबूत रही, तो तय है कि यह फिल्म साथ में रिलीज होने वाली फिल्म की बखिया उधेड़ दे।
    'बॉर्डर-2' में सनी देओल 'ग़दर-2' के बाद फिर देशभक्ति ड्रामा के पोस्टर-बॉय बनकर लौटेंगे। अगर फिल्म दर्शकों में अपनी इमोशन पकड़ बना लेती है, तो सनी की 'मास हीरो' इमेज नई पीढ़ी तक दोबारा पहुंचेगी। रणवीर कपूर और यश के लिए 'रामायण' प्रोजेक्ट करियर डिफाइनिंग साबित हो सकता है। एक तरफ रणवीर का देवदत्त नायक वाली धीर-गंभीर इमेज और दूसरी तरफ यश का पैन-इंडिया स्टारडम मिलकर इस फिल्म के हर कैरेक्टर को चर्चा में बनाकर रखेंगे। उधर, रानी मुखर्जी और आलिया भट्ट जैसी एक्ट्रेस 'मर्दानी-3' और 'अल्फा' के ज़रिए यह साबित कर सकती हैं, कि 2025 में दिखी कंटेंट ड्रिवन और फीमेल सेंट्रिक फिल्मों की लहर 2026 में और पावरफुल रूप लेकर सामने आई। 
    वरुण धवन के लिए 'बॉर्डर-2' और 'भेड़िया-2' का कॉम्बो 2026 को 'कमबैक ईयर' बना सकता है। एक तरफ वॉर ड्रामा और दूसरी तरफ हॉरर कॉमेडी ये दोनों अलग-अलग टोन में एक्सपोज़ होंगे। शाहिद कपूर 'ओ रोमियो' जैसे डार्क थ्रिलर में विशाल भारद्वाज के साथ लौटकर अपनी गंभीर अभिनेता वाली साख को और मजबूत कर सकते हैं। 2026 के थ्रिलर स्पेस में यह फिल्म क्रिटिक फेवरेट भी बन जाए, तो आश्चर्य नहीं होना चाहिए। इमरान हाशमी 'आवारापन-2' के ज़रिए नॉस्टैल्जिक और इमोशनल एक्शन जोन में वापसी करेंगे। अगर कहानी ओरिजिनल 'आवारापन' जैसी इमोशन पकड़ बनाती है, तो उनकी इमेज को नया बूस्ट मिलना तय है। रणबीर कपूर के पास 2026 में ज्यादा प्रमुख भूमिकाएं हैं। उनकी दो सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्में हैं 'रामायण' और 'लव एंड वार।' ये दोनों बहुत बड़े प्रोजेक्ट हैं और दोनों के टॉपिक भी अलग हैं। 'रामायण' पौराणिक एपिक और 'लव एंड वार' रोमांटिक वॉर ड्रामा हैं। रणवीर की राम की भूमिका वाली फिल्म दिवाली के आसपास परदे पर उतरेगी। उनकी ये दोनों फिल्में 2026 के ऐसे प्रोजेक्ट हैं जिन पर सबकी नजर हैं।
      'रामायण' को तो सबसे महंगी वीएफएक्स फिल्म माना जा रहा है। जबकि, 'लव एंड वार' को संजय लीला भंसाली की वापसी का प्रतीक कहा जा रहा। इस वजह से उनका स्क्रीन टाइम, प्रमोशन और बॉक्स ऑफिस फोकस साल भर बना रहेगा, जैसा 2025 में विक्की कौशल (छावा) और रणवीर सिंह (धुरंधर) के साथ हुआ। इस लाइन में शाहरुख खान हैं जिनकी 'किंग' इसी साल रिलीज होगी। सनी देओल भी 'बॉर्डर-2' और 'रामायण' में हैं, पर उनका रोल हनुमान का है। वरुण धवन के पास भी 'बॉर्डर-2' और'भेड़िया-2' हैं, लेकिन फिर भी रणवीर कपूर की फिल्मों का पैमाना ज्यादा ऊंचा है। बीते बरस (2025) में अक्षय खन्ना और बॉबी देओल जैसे कलाकारों ने निगेटिव शेड्स के साथ परदे पर जबरदस्त प्रभाव डाला। 2026 में 'दृश्यम-3' और कृष-4 जैसी फिल्मों की लाइन में ऐसे स्टार विलेन' का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है, जो हीरो के बराबर चर्चा में रहते हैं। फ्रैंचाइज़ी फिल्मों में सपोर्टिंग और ग्रे-शेड कैरेक्टर को बड़ा स्क्रीन टाइम मिलने से कई मिड लेवल एक्टर्स के लिए 2026 बड़ा साल बन सकता है।
     2025 में जहां छावा, धुरंधर और 'सैयारा' जैसी ओरिजिनल कहानियों ने साबित किया कि फिल्म के कलाकार नहीं उसकी ;कहानी ही राजा' है, वहीं 2026 में वही सीख बड़े बजट और फ्रैंचाइज़ी फॉर्मेट के साथ लागू होते दिखाई दे रही है। यानी अब सीक्वल भी तभी चलेंगे जब कंटेंट ताज़ा होगा। ओटीटी की चुनौती के बीच थिएटर फुटफॉल के लिए 2026 की फ़िल्में खुद को 'इवेंट' के रूप में बेचेंगी वॉर-ड्रामा की स्केल, माइथोलॉजी का विज़ुअल ग्रैंड्योर, स्पाई यूनिवर्स की कनेक्टेड स्टोरीज़ और हॉरर कॉमेडी का सामूहिक मज़ा, यह सब मिलकर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकते हैं। इस नजरिए से अनुमान लगाया जा सकता है कि नया साल कुछ ऐसा नया मनोरंजन लाएगा, जो दर्शकों को अपने मोहपाश मुक्त नहीं होने देगा।  
-------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------

No comments: