Wednesday, June 3, 2026

सिनेमा में जासूसी के बदलते तेवर



     रहस्य, रोमांच और खतरे की परतों में लिपटी जासूसी फिल्में हमेशा से दर्शकों को अपनी ओर खींचती रही हैं। अनिश्चित परिस्थितियों में साहसिक फैसले लेने वाले किरदार, देशभक्ति से जुड़ी भावनाएं और आधुनिक तकनीक से सजे भव्य दृश्य इन फिल्मों को खास बनाते हैं। खासकर भारत-पाकिस्तान संबंधों की पृष्ठभूमि इन कहानियों में संवेदनशीलता और गहराई जोड़ती है, जिससे दर्शकों का जुड़ाव और बढ़ जाता है। इसी परंपरा को मजबूत आधार देने में दिग्गज अभिनेता देव आनंद का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है, जिन्होंने शुरुआती दौर में इस शैली को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई। आज 'राजी' और उसके बाद 'धुरंधर' सीरीज ने जासूसी के किरदार को फिर जीवंत कर दिया। 
000 

- हेमंत पाल

    भारतीय जनमानस और सिनेमा का संबंध हमेशा से ही कौतूहल और साहस की कहानियों से गहरा रहा है। मनोरंजन के विस्तृत फलक पर जब जासूसी और राष्ट्र प्रेम का मेल होता है, तो वह केवल एक फिल्म नहीं रह जाती, बल्कि एक सामूहिक राष्ट्रीय भावना का प्रतिनिधित्व करने लगती है। हिंदी सिनेमा के शैशव काल से लेकर आज की अत्याधुनिक तकनीक से लैस 'धुरंधर' जैसी फिल्मों तक, जासूसी का कथानक एक लंबी और रोचक यात्रा तय कर चुका है। यह विधा केवल अंधेरी गलियों और रहस्यमयी संकेतों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने बदलते दौर के साथ अपनी परिभाषा को विस्तार दिया है। ब्लैक एंड व्हाइट सिनेमा के दौर में जहां जासूसी का स्वरूप व्यक्तिगत रहस्यों और छिटपुट अपराधों को सुलझाने तक केंद्रित था, वहीं आधुनिक युग में यह भू-राजनीतिक संघर्षों, सीमा पार के तनावों और तकनीक आधारित युद्ध कौशल का मुख्य केंद्र बन गई है। दर्शकों के दिलों में इन जासूसी कहानियों के प्रति जो अटूट आकर्षण है, उसकी जड़ें हमारी संस्कृति में मौजूद अनिश्चितता के प्रति जिज्ञासा और नायक के प्रति अगाध विश्वास में निहित हैं।
     जैसे-जैसे समय बदला और देश ने विभिन्न युद्धों और बाहरी चुनौतियों का सामना किया, सिनेमाई जासूस का चेहरा भी बदलने लगा। जासूसी का केंद्र अब व्यक्तिगत अपराधों से हटकर राष्ट्र की सुरक्षा पर केंद्रित होने लगा। इस बदलाव ने जासूसी फिल्मों को एक नया मंच प्रदान किया, जहां पड़ोसी देशों, विशेषकर पाकिस्तान के साथ होने वाले तनावों को कहानियों का आधार बनाया गया। 'राजी' जैसी फिल्म इस विधा में एक मील का पत्थर साबित हुई, क्योंकि इसने जासूसी को केवल बंदूकों और धमाकों तक सीमित न रखकर एक जासूस के मानसिक द्वंद्व और उसके मानवीय बलिदानों को बहुत ही संजीदगी से पर्दे पर उतारा। 'राजी' में दिखाया गया कि एक जासूस के लिए देश के प्रति कर्तव्य और उसकी अपनी भावनाओं के बीच कितना गहरा संघर्ष होता है। यह फिल्म उस दौर की परिचायक है जहां जासूसी को एक गंभीर और जोखिम भरे पेशे के रूप में दिखाया गया, जिसमें ग्लैमर से ज्यादा त्याग की भावना सर्वोपरि थी।
     हाल के वर्षों में 'धुरंधर' जैसी सुपरहिट फिल्मों की श्रृंखला ने जासूसी के इस विधा को एक व्यापक और व्यावसायिक रूप दिया है। इन फिल्मों में जासूसी का कैनवास बहुत बड़ा हो गया। अब नायक केवल देश के भीतर ही नहीं, बल्कि सात समुंदर पार जाकर भी दुश्मनों के मंसूबों को नाकाम करता है। इन आधुनिक फिल्मों में पाकिस्तान और वहां की खुफिया एजेंसियों के इर्द-गिर्द बुनी गई कहानियां दर्शकों को एक अलग तरह का रोमांच प्रदान करती हैं। दर्शकों का एक बड़ा वर्ग ऐसी फिल्मों को इसलिए पसंद करता है क्योंकि इनमें वीरता, चतुराई और अंततः सत्य की जीत जैसे तत्व होते हैं जो मनोरंजन के साथ-साथ एक प्रकार का संतोष भी प्रदान करते हैं। इसके पीछे का मनोवैज्ञानिक कारण यह भी है कि दर्शक अपने नायकों को उन चुनौतियों से लड़ते हुए देखना चाहते हैं, जिन्हें वे वास्तविक जीवन में एक खतरे के रूप में देखते हैं।
      ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों के उस दौर की बात करें तो वहां जासूसी का एक अलग ही सौंदर्यबोध था। उस दौर में देव आनंद एक ऐसे व्यक्तित्व के रूप में उभरे जिन्होंने जासूसी और अपराध आधारित थ्रिलर फिल्मों को एक नई पहचान दी। देव आनंद के किरदारों में जो चपलता और हाजिरजवाबी थी, उसने जासूस को केवल एक सरकारी मुलाजिम की छवि से निकालकर एक शहरी नायक के रूप में स्थापित किया। देव आनंद ने हिंदी सिनेमा में कई यादगार जासूसी किरदार निभाए। उनकी प्रमुख जासूसी या जासूसी-टच वाली फिल्मों की सूचियों में पहली फिल्म सीआईडी (1956) थी, जिसमें वे एक पुलिस इंस्पेक्टर के रूप में मर्डर मिस्ट्री सुलझाते हैं। काला पानी (1958) जेल और अपराध के रहस्य से जुड़ी कहानी थी, जिसमें देव आनंद सच्चाई खोजते हैं। काला बाजार (1960) में वे ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ पड़ताल करते हैं। 1961 में आई 'हम दोनों' पूरी तरह जासूसी फिल्म नहीं है, लेकिन इसमें पहचान और रहस्य का एंगल है। ज्वेल थीफ (1967) उनकी सबसे हिट स्पाई-थ्रिलर फिल्मों में से एक है। 'जॉनी मेरा नाम' (1970) में वे अंडरकवर एजेंट बनकर अपराधियों की गैंग में घुसते हैं। 1973 में आई 'हीरा पन्ना' चोरी, पीछा और रहस्य से भरी कहानी है। वारंट (1975) में वे अपराधियों का पीछा करते हैं। देव आनंद की जासूसी फिल्मों की खासियत उनका स्टाइल, तेज डायलॉग डिलीवरी और स्मार्ट अंडरकवर रोल था। 
     जासूसी फिल्मों के इतिहास में अगर सबसे अधिक सक्रिय अभिनेताओं और निर्देशकों की बात की जाए, तो देव आनंद के बाद इस मशाल को कई अन्य कलाकारों ने आगे बढ़ाया। आधुनिक दौर में सलमान खान, अक्षय कुमार और ऋतिक रोशन जैसे अभिनेताओं ने जासूसी के अलग-अलग अवतारों को जीवंत किया है। निर्देशकों के मामले में राज खोसला से लेकर आधुनिक समय में कबीर खान और सिद्धार्थ आनंद जैसे नामों ने इस शैली को नई ऊंचाइयां दी हैं। राज खोसला ने 60-70 के दशक में रहस्य और रोमांच का जो ढांचा तैयार किया था, उसी को आधुनिक निर्देशकों ने तकनीक और भव्यता के साथ आगे बढ़ाया है। विशेष रूप से पाकिस्तान की पृष्ठभूमि वाली फिल्मों के प्रति दर्शकों का आकर्षण इस तथ्य से भी जुड़ा है कि ये कहानियां हमारे वास्तविक इतिहास और वर्तमान की घटनाओं के बहुत करीब महसूस होती हैं। 
    जब एक भारतीय जासूस दुश्मन की मांद में घुसकर सूचनाएं निकालता है या किसी बड़े आतंकी हमले को रोकता है, तो वह सिनेमा के नायक से कहीं बढ़कर एक रक्षक की छवि ले लेता है। यही कारण है कि 'राजी' से लेकर 'धुरंधर' तक की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। दर्शकों को इन फिल्मों में अपनी सुरक्षा और सामर्थ्य का प्रतिबिंब दिखाई देता है। जासूसी सिनेमा के विकास क्रम को देखते हुए यह स्पष्ट होता है कि यह विधा अब केवल मनोरंजन का साधन नहीं रह गई, बल्कि यह समय के साथ चल रहे बदलावों का आईना भी है। पहले जहां जासूसी के लिए केवल भेष बदलने और गुप्त संकेतों का सहारा लिया जाता था, अब वहां उपग्रह संचार और डिजिटल निगरानी जैसी तकनीकों का समावेश हो गया है। इसके बावजूद, कहानियों का मूल तत्व वही पुराना है। एक अकेला व्यक्ति जो अपनी बुद्धि और साहस के बल पर पूरी दुनिया को बचा सकता है। यह नायकत्व ही है जो दर्शकों को पीढ़ी दर पीढ़ी इन फिल्मों से जोड़े रखता है।
     हिंदी सिनेमा में जासूसी और रहस्य-थ्रिलर पर आधारित फिल्मों की एक लंबी परंपरा रही है। शुरुआत क्लासिक क्राइम-थ्रिलर से हुई और आज यह हाई-टेक इंटरनेशनल स्पाई यूनिवर्स तक पहुंच चुकी है। 1950-70 के क्लासिक दौर में सीआईडी, ज्वेल थीफ और 'जॉनी मेरा नाम' रही। 1980-90 के दौर में धर्मेंद्र की 'आँखें' (1993), आमिर खान की 'बाजी' (1995) आई। 2000 के बाद मॉडर्न स्पाई थ्रिलर का दौर आया और ए वेडनेसडे (2008) आई, जिसमें आतंकवाद और इंटेलिजेंस का सस्पेंस रहा। 2015 की फिल्म 'बेबी' सीक्रेट एजेंसी के मिशन और आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन के कथानक पर बनी। 2017 की 'नाम शबाना' एक महिला जासूस की बैक स्टोरी है। लेकिन, 2018 की आलिया कपूर की फिल्म 'राज़ी' यादगार फिल्म बनी। यह भारत-पाक युद्ध के दौरान एक अंडरकवर महिला भारतीय जासूस की सच्ची कहानी से प्रेरित है। 2019 में 'रोमियो अकबर वालटर' आई जो 1971 के युद्ध में जासूसी मिशन पर बनी। 
    इसके बाद के दौर में एक था टाइगर (2012), मद्रास कैफे (2013), टाइगर जिंदा है (2017), वार (2019) और 'पठान' (2023) ने इस परंपरा को जारी रखा। 2025 की फिल्म 'धुरंधर' और 2026 में आई सीक्वल 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। ये सभी फिल्में इंटरनेशनल लेवल की जासूसी, हाई-टेक गैजेट्स और बड़े एक्शन पर आधारित हैं। देखने में आया कि 60-70 के दशक में जासूसी फिल्मों में रहस्य और स्टाइल प्रमुख था। 2000 के बाद ये फिल्में रियलिस्टिक इंटेलिजेंस ऑपरेशन और ग्लोबल मिशन पर शिफ्ट हो गईं। जबकि,जबकि, आज जासूसी फिल्में एक पूरा सिनेमैटिक यूनिवर्स बन चुकी हैं। भारतीय सिनेमा में जासूसी की कहानियां हमारे समाज के कौतूहल और साहस का प्रतिनिधित्व करती हैं। चाहे वह देव आनंद का जादुई दौर रहा हो या आज के जांबाजों का एक्शन से भरपूर सफर, जासूसी फिल्मों ने हमेशा यह साबित किया है कि रहस्य और रोमांच की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती। 
------------------------------------------------------------------------------------------------------------

No comments: