Monday, September 25, 2017

बॉलीवुड की बदनाम हीरोइनें

हेमंत पाल 
  परदे की दुनिया की एक अपनी कहानी है। इस दुनिया के कई सफल चरित्रों के पीछे की स्याह सच्चाई कुछ और है। ताजा मामला संजय दत्त का है, जो अंडरवर्ल्ड से दोस्ती की वजह से जेल की सजा भुगतने के बाद फिर परदे पर लौटे हैं। एक और मामला दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर पर बनी फिल्म को लेकर भी है। इसके बारे में कहा जा रहा है कि ये फिल्म दाऊद के पैसे से बनी है। बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड के बीच रिश्ते नए नहीं हैं। बॉलीवुड के कई कलाकारों का अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन रहा है। बॉलीवुड की कुछ नायिकाओं के नाम तो रोमांस की वजह से अंडरवर्ल्ड से जुड़े। कुछ नायिकाओं के रिश्ते तो अंडरवर्ल्ड के बदनाम लोगों से इस हद तक रहे कि उन्हें अपना कैरियर तक छोड़ना पड़ा। कुछ नायिकाएं तो आज भी गुमनामी में हैं। 
Mandakini with Daud
  इस लिस्ट में पहला नाम सोना का लिया जा सकता है। दूसरी या तीसरी श्रेणी की ये एक्ट्रेस को अपने ज़माने की खूबसूरत नायिका मधुबाला की हमशक्ल कहा जाता था। सोना ने मुंबई के अंडर वर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान से शादी कर ली थी। कहा जाता है कि हाजी मस्तान ने सोना से सिर्फ इसलिए शादी की थी कि उसकी सूरत मधुबाला जैसी लगती थी। सोना पर एक फिल्म भी बनी थी। 
  दाऊद से कई लड़कियाँ के नाम जुड़े, पर सबसे ज़्यादा नाम सुर्खियों में रहा बॉलीवुड एक्ट्रेस मंदाकिनी का। 1984 में राज कपूर ने अपने छोटे बेटे राजीव कपूर को 'राम तेरी गंगा मैली' से लॉन्च किया था, तब उन्होंने इस नीली आंखों वाली यास्मीन को चुना था। राज कपूर ने ही यास्मीन जोज़ेफ़ को मंदाकिनी नाम दिया। मंदाकिनी की इंडस्ट्री में धमाकेदार एंट्री हुई। 1985 में रिलीज़ हुई 'राम तेरी गंगा मैली' ने कामयाबी के झंडे गाड़ दिए थे। हर फिल्मी मैगज़ीन पर मंदाकिनी और झरने वाल सीन का ही शोर था! कहते हैं कि दाऊद इब्राहीम ने भी सबसे पहले मंदाकिनी की तस्वीरें एक फिल्म मैगज़ीन में देखी थीं। फिर एक पार्टी में उसने मंदाकिनी को देखा था। दोनों के बीच दोस्ती हुई जो बढ़ती चली गई। कुछ फ्लॉप फिल्मों के बाद मंदाकिनी परदे से गायब हो गई! बाद में कई किस्से सामने आते रहे और इसी बीच मंदाकिनी के बेंगलौर में बसे होने की खबर भी सामने आई। दाऊद से उसका रिश्ता भी खत्म हो गया और अब मंदाकिनी फिल्मी दुनिया की चमक-दमक से दूर मुंबई में अपने पति के साथ रहती हैं और तिब्बती योग सिखाती हैं। 
Monika Bedi & Abu Salem
  ममता कुलकर्णी भी एक ऐसा ही नाम है जिसे बोल्ड एक्ट्रेस के रुप में पहचान मिली। लेकिन, उनकी फिल्में कोई कमाल नहीं कर पाई। दाऊद के दुश्मन माने जाने वाले डॉन छोटा राजन से रिश्तों की खबर ने जरूर सुर्खियां बटोरी। कहा जाता है कि राजन की वजह से उसे बड़ी फ़िल्में मिली थी। बाद में ममता ने माफिया विक्रम गोस्वामी से शादी कर ली। फिलहाल तस्करी के एक मामले ममता का भी नाम लिया जा रहा है। मोनिका बेदी और डॉन अबु सलेम की जोड़ी के भी कई किस्से मशहूर हैं। दोनों ने औपचारिक रूप से शादी तो नहीं की, पर लिव इन रिलेशनशिप में रहते थे। इन दोनों को गिरफ्तार भी किया गया था। मोनिका को अबु सलेम के दबाव से कई फिल्में भी मिली थी। 
-------------------------------------------------------------

No comments: