Sunday, September 29, 2019

रिश्ते टूटे तो परदे पर जोड़ियां भी!

- हेमंत पाल 


   फिल्म के परदे पर जोड़ियों का अपना अलग ही संसार है। ब्लैक एंड व्हाइट से रंगीन फिल्मों तक के दौर में फ़िल्मी दर्शक कुछ जोड़ियों के बहुत दीवाने रहे! देवआनंद-मधुबाला, धर्मेंद्र-हेमा मालिनी, जीतेंद्र-रीना रॉय, शत्रुघ्न सिन्हा-रीना रॉय, अमिताभ बच्चन-रेखा और ऋषि कपूर-नीतू सिंह जैसी कई जोड़ियों को पसंद किया गया। कई जोड़ियां ऐसी भी बनी, जिनकी मोहब्बत के खूब चर्चे हुए! ऋषि-नीतू ने तो शादी कर ली, पर सबके साथ ऐसा नहीं हुआ! किन्ही कारणों से जब इनका निजी रिश्ता टूटा, तो इन्होंने कभी एक-दूसरे को मुड़कर नहीं देखा। साथ में काम करना भी इन्हें मंजूर नहीं किया।
  अमिताभ बच्चन और रेखा की जोड़ी रील से रियल लाइफ़ तक हिट रही। इस जोड़ी को बॉलीवुड की सबसे रहस्यमयी प्रेम कहानियों में भी शामिल किया जा सकता है। इनके प्यार का सिलसिला उस वक़्त टूटा, जब ये अमिताभ की पर्सनल लाइफ़ को प्रभावित करने लगीं। परिवार को बचाने के लिए उन्होंने रेखा के साथ अपनी जोड़ी तोड़ ली। इसी के साथ दोनों के पर्दे पर साथ आने की संभावनाओं पर भी विराम लग गया। यश चोपड़ा की 1981 की फ़िल्म 'सिलसिला' के बाद दोनों कभी साथ नहीं आए। 'सिलसिला' को इस जोड़ी की रील लाइफ स्टोरी कहा जाता है। 70 के दशक में इनके बीच नजदीकियों के किस्से आम थे। बड़े-बड़े निर्माता-निर्देशक इन्हें अपनी फिल्में में साइन करना चाहते थे, लेकिन जब इनके रिश्ते में दरार आई, तो इन्होंने कभी भी साथ काम नहीं किया।
   सलमान खान और ऐश्वर्या राय 90 के दशक की सबसे मशहूर जोड़ी हुआ करती थी। इनकी प्यार के किस्से भी हर जगह चर्चित थे। लेकिन, एक समय ऐसा आया जब इनके बीच दूरियां आ गईं! फिर इन्होंने कभी साथ काम नहीं किया। कई निर्माताओं ने कोशिश भी की, पर बात नहीं बनी। इनके ब्रेकअप का कारण विवेक ओबरॉय जाता था। लेकिन, ऐश्वर्या राय से उनका रिश्ता भी ज्यादा लम्बा नहीं चला। ऐश्वर्या ने विवेक के साथ कुछ फिल्में भी की, जिनमें से कुछ सफल भी रहीं! पर, बाद इन्होंने साथ काम नहीं किया। ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का किसा भी अजीब है। 'कृष' में धमाल मचाने वाले ये दोनों कलाकार आज एक-दूसरे की शक्ल भी नहीं देखना चाहते हैं। दोनों के बीच विवाद का लम्बा इतिहास है।
  अभिषेक बच्चन और करिश्मा कपूर की प्रेम कहानी भी दिलचस्प है। दोनों के परिवार उनकी शादी करने वाले थे, लेकिन करिश्मा की माँ बबीता के विरोध की वजह से ये रिश्ता सगाई से आगे नहीं बढ़ सका! फिर इन्होंने कभी न तो साथ काम किया और न इनकी जिंदगी ही आपस में कभी टकराई! अभिषेक और रानी मुखर्जी के बीच भी नजदीकी रिश्ता बना था! 'बंटी और बबली' के बाद ये सबसे चर्चित जोड़ी थी! लेकिन, बात आगे नहीं बढ़ी और ये रिश्ता ख़त्म हो गय। एक समय जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु चर्चित जोड़ी हुआ करती थी। बिपाशा को कभी सफल अभिनेत्री नहीं समझा गया, पर वे जॉन से रिश्ते की वजह से ही वे ख़बरों में रहीं। लेकिन, अंत में दोनों अलग हो गए। दोनों ने ब्रेक-अप के बाद कभी साथ काम नहीं किया। दोनों ने शादी करके अपने रास्ते भी बदल लिए।     परदे की सबसे चर्चित जोड़ियों में करीना कपूर और शाहिद कपूर की जोड़ी भी गिनी जाती है। 2004 में आई फिल्म 'फिदा' से दोनों नजदीक आए थे। दोनों की 36 चाइन टाउन, छुप-चुछुप के और 'मिलेंगे-मिलेंगे' आई। लेकिन, 'जब वी मेट' फिल्म के दौरान इनमें ब्रेकअप हो गया। कई साल बाद दोनों 'उड़ता पंजाब' में नजर तो आए, लेकिन एक साथ नहीं! फिल्म के प्रमोशन के दौरान भी दोनों ने एक-दूसरे की अनदेखी की। साफ जाहिर है कि ये दोनों एक जोड़ी की तरह काम नहीं करना चाहते हैं!
   रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण एक समय परदे की सबसे खूबसूरत जोड़ी थी। दोनों ने कुछ फ़िल्में भी साथ की। अपने रिश्तों को लेकर दोनों सीरियस भी थे, लेकिन इस जोड़ी का भविष्य भी अच्छा नहीं रहा! दोनों ऐसे अलग हुए कि परदे पर भी साथ दिखाई नहीं दिए। रणवीर सिंह के साथ अनुष्का शर्मा की जोड़ी भी बॉलीवुड की पसंद की जाने वाली जोड़ी थी। दोनों का बॉलीवुड में आगमन भी 'बैंड बाजा बारात' से ही हुआ था। अनुष्का और रणवीर सिंह ने करीब तीन साल तक रिश्ता निभाया फिर अलग हो गए। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन ने भी डायरेक्टर विक्रम भट्ट के साथ अपने रिश्ते को खुलकर कबूला था। यहाँ तक बताया गया कि उनसे शादी करने के लिए विक्रम अपनी पत्नी से तलाक ले रहे हैं! लेकिन, ऐसा हुआ नहीं और सुष्मिता और विक्रम अलग हो गए। सिद्धार्थ मल्होत्रा और आलिया भट्ट भी अपनी पहली फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर' में पहली बार दिखाई दिए थे। लम्बे समय तक साथ रहकर भी इन्होंने कभी खुलकर अपने रिश्ते को नहीं स्वीकारा! अब दोनों के रास्ते अलग-अलग हैं। 
  अक्षय कुमार और रवीना टंडन ने 90 के दशक कई फ़िल्मों में काम किया। दोनों के बीच लम्बा संबंध रहा! मगर, ट्विंकल खन्ना से शादी के अक्षय और रवीना के रोमांस का जल्द ही पैकअप हो गया। दोनों को आखिरी बार 1998 में 'क़ीमत' में साथ देखा गया था। अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा की भी जोड़ी बनी थी। प्रियंका के करियर की शुरुआत ही अक्षय की फिल्म 'अंदाज़' से हुई थी। इसके बाद कुछ और फ़िल्मों में दोनों साथ आए, मगर अक्षय और प्रियंका की ऑन एंड ऑफ़ स्क्रीन केमिस्ट्री जब अक्षय की फ़ैमिली लाइफ़ के लिए ख़तरा बनने लगी थी। इसके बाद अक्षय ने प्रियंका से रील और रियल लाइफ़ दोनों में दूरी बना ली। दोनों की आख़िरी फ़िल्म 2005 में आी 'वक़्त- द रेस अगेंस्ट टाइम' थी।
------------------------------------------------------------

No comments: